मुरादाबाद : मुख्यमंत्री आदित्यनाथ खुद आपराधिक छवि के, अपराध प्रदेश बना उत्तर प्रदेश

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राशिद अल्वी ने प्रदेश की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर खुला हमला बोला। योगी आदित्यनाथ को आपराधिक छवि का बताया। कहा आदित्यनाथ पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने खुद अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे को वापस लिया। उन्होंने कहा कि पांच साल में भाजपा की सरकार ने उत्तर …

मुरादाबाद, अमृत विचार। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राशिद अल्वी ने प्रदेश की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर खुला हमला बोला। योगी आदित्यनाथ को आपराधिक छवि का बताया। कहा आदित्यनाथ पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने खुद अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे को वापस लिया।

उन्होंने कहा कि पांच साल में भाजपा की सरकार ने उत्तर प्रदेश में कोई कार्य नहीं किया, हर दिन बलात्कार हो रहा है। महिलाओं की आबरू सुरक्षित नहीं है। राशिद अल्वी कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा में मुरादाबाद पहुंचे थे। बुधवार को शहर के एक होटल में उन्होंने मीडिया कर्मियों से बातचीत की। कांग्रेस नेता ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने अपनी आपराधिक छवि का हलफनामा चुनाव में दाखिल किया था।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हमारी नेता प्रियंका गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से घबरा गई है। उनके हर रास्ते में सरकार अड़़चन डाल रही है। लेकिन हम रूकने और झुकने वाले नहीं हैं। प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में चालीस फीसद महिलाओं को टिकट आरक्षित करने की घोषणा कर दी है। सरकार बनने पर बारहवीं की छात्राओं को स्मार्ट फोन, स्कूटी देंगे। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने पहले भी 70 हजार करोड़ का कर्जा माफ किया था। प्रदेश में सरकार बनने पर न्यूनतम समर्थन मूल्य को कानूनी दर्जा दिया जाएगा।

गन्ना मूल्य 400 रुपये, बिजली का बिल पूरे प्रदेश का आधा, कोरोना काल के बकाया बिजली बिल माफ। कोविड से प्रभावित हर परिवार को पच्चीस हजार रुपये देने का काम कांग्रेस की सरकार करेगी। कांग्रेस नेता ने भाजपा की प्रदेश सरकार पर नौजवानों को रोजगार न देने और उद्योग धंधे को चौपट करने का आरोप मढ़ा। कोरोना नियंत्रण में प्रदेश सरकार को बिफल बताया। कहा इसका प्रमाण खुद सरकार के कई मंत्री और विधायक की कोरोना से मौत है, सरकार कुछ नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कांग्रेस की सरकार आई तो दस लाख रुपए तक बीमारियों का मुफ्त इलाज मिलेगा। कांग्रेस की प्रदेश में खराब हालत के सवाल पर भाजपा की नजीर पेश करते हुए कहा कि कभी
भाजपा के दो लोकसभा सदस्य थे। कहा जनता सर्वोपरि है और भाजपा के कुशासन से ऊबी जनता बदलाव का मन बना चुकी है।

एक सवाल के जवाब में राशिद अल्वी ने कहा कि कांग्रेस किसी की पिछलग्गू नहीं बनेगी। पाट्री गठबंधन नहीं करेगी, अकेले चुनाव लड़ेगी। किसान नौजवान कांग्रेस की नजर में केवल वोटबैंक के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि किसान नौजवान कांग्रेस के लिए वोट बैंक नहीं। पूरी जनता को साथ लेकर चलेंगे। महिलाओं के लिए 33 फीसद आरक्षण की बात पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने खुद की थी। आज जो भाजपा महिलाओं के हितैषी होने का दावा करते फिर रही है उसने सबसे अधिक विरोध किया।

कांग्रेस ने राज्य सभा में महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण पक्का किया। फारूक अब्दुल्ला से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी अलग है। उनके सहयोगी रहे भाजपा और उनके नेता जाने। पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व गृह राज्य मंत्री जफर अली नकवी ने कहा कि लखीमपुर में अराजकता और अपराध का बोलबाला है। कांग्रेस की डिमांड है कि भाजपा के मंत्री इस्तीफा दें।

इस दौरान जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद, राष्ट्रीय सचिव संजय कपूर, तौकीर आलम, पूर्व विधायक गजराज सिंह, ममता राजपूत, अजय सारस्वत शर्मा आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार