खटीमा: मुख्यमंत्री ने प्रदेश व केंद्र सरकार के कार्यों को घर-घर पहुंचाने पर दिया जोर
खटीमा, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने विधानसभा क्षेत्र में दूसरे दिन बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक व भाजपा की मंडल की कार्यकारणी की बैठक में सीधा संवाद कर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। मुख्यमंत्री ने प्रदेश व केंद्र सरकार के कार्यों को घर-घर पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने अपने चार माह के कार्यकाल …
खटीमा, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने विधानसभा क्षेत्र में दूसरे दिन बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक व भाजपा की मंडल की कार्यकारणी की बैठक में सीधा संवाद कर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। मुख्यमंत्री ने प्रदेश व केंद्र सरकार के कार्यों को घर-घर पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने अपने चार माह के कार्यकाल के कार्यों को गिनाते हुए कहा कि उनको जनता के आशीर्वाद से काम करने में कभी थकान महसूस नहीं होती है। उन्होंने बूथ अध्यक्षों तक से सीधे संवाद किया। उन्होंने आगामी विस चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं से अभी से एक्शन मोड में रहने को कहा।
बुधवार को खटीमा फाइबर्स फैक्ट्री परिसर में मुख्यमंत्री धामी ने बूथ, शक्तिकेन्द्र संयोजक एवं मंडल कार्यकारिणी की ली बैठक। सीएम धामी ने कार्यकर्ता से कहा कि खटीमा का प्रत्येक कार्यकर्ता केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धि व जनहित के कार्यों को लेकर क्षेत्र में काम करें।
साथ ही जनता की समस्याओं के निराकरण को प्रयास करें। उन्होंने कहा हम काम करते हैं इसलिए हमारा काम स्वतः बोलेगा। उन्होंने स्वयं ही सभी बूथ अध्यक्ष और शक्तिकेन्द्र संयोजक का नाम लेकर भौतिक सत्यापन किया। अध्यक्षता सतीश गोयल तथा संचालन हिमांशु बिष्ट, विनोद जोशी ने किया।
मुख्यमंत्री धामी ने सरकार के चार माह के कार्यों को रखते हुए कहा कि चार जुलाई को उन्होंने कार्यभार संभाला था। इस दौरान 350 से अधिक निर्णय लिए गए। उन्होंने खटीमा में मंगलवार को बिना पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के आने पर स्पष्ट किया कि मन में आया कि क्षेत्र में कार्यों की स्थिति का औचक जायजा लिया जाए। इसलिए उन्होंने ठीक 12 बजे फोन पर एसडीएम निर्मला बिष्ट को बताया कि वह खटीमा आ रहे हैं।
वह आश्रम पद्धति स्कूल, टनकपुर रोड में डिवाइडर आदि का कार्य देखेंगे। वह मंडी गए लौटते समय शहीद स्मारक, अस्पताल में आक्सीजन प्लांट देखा अब 200 लोगों को एक साथ आक्सीजन सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि सीएसडी कैंटीन नवंबर में खुल जाएगी। 7.5 करोड़ से खेतलसंडा में स्थाई कैंटीन भवन व सैनिक जन मिलन केंद्र भी बनेगा। अब अड्डा भी स्वीकृत हो चुका है।
कहा उज्जवला योजना, आयुष्मान कार्ड मुफ्त बनाने, कोरोना से अनाज बच्चों के लिए वात्सल्य योजना, ग्राम प्रधानों को 15 से बढ़ाकर साढ़े तीन हजार रुपए मासिक वेतन का जल्द जीओ कराने, आशाओं की 15 साल पुरानी मानदेय वृद्धि की मांग पर डेढ़ हजार रुपए बढ़ा दिया। इस बीच अंत में मंडल के पदाधिकारियों समेत बूथ अध्यक्षों तक से सीधे संवाद से कार्यकर्ता उत्साहित नजर आए। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मंडल के कार्यकर्ताओं का नाम लेकर सीधे संवाद किया। इस बीच अनेक कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन भी थामा।
इस दौरान नानकमत्ता विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, चंपावत विधायक कैलाश गहतोड़ी, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री मोहनी पोखरिया, किसान आयोग उपाध्यक्ष राजपाल सिंह, खटीमा फाइबर्स के एमडी उद्यमी आरसी रस्तोगी, सतीश गोयल, सतीश भटट, भैरव दत्त पांडे, देव सिंह धामी, मंडी अध्यक्ष नंदन सिंह खड़ायत, नवीन कन्याल, विनोद जोशी, धाना भंडारी समेत खासी तादात में बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
