हल्द्वानी: घरवालों ने तय किया रिश्ता, लड़की ने खा लिया जहर
हल्द्वानी, अमृत विचार। घरवालों ने शादी का रिश्ता तय किया तो नाराज युवती ने जहर खा कर जान दे दी। अस्पताल पहुंचने से पहले ही लड़की की मौत हो गई। जहर खाने से पहले युवती की पड़ोस में रहने वाले लड़के से विवाद भी हुआ था। इस मामले में पुलिस लड़के से पूछताछ कर रही है। …
हल्द्वानी, अमृत विचार। घरवालों ने शादी का रिश्ता तय किया तो नाराज युवती ने जहर खा कर जान दे दी। अस्पताल पहुंचने से पहले ही लड़की की मौत हो गई। जहर खाने से पहले युवती की पड़ोस में रहने वाले लड़के से विवाद भी हुआ था। इस मामले में पुलिस लड़के से पूछताछ कर रही है।
मूलरूप से बरेली रेशमबाग की रहने वाली नीरज (21) पुत्र देवीदास यहां चोरगलिया जगतपुर में रहती थी। बताया जाता है कि मंगलवार शाम करीब चार बजे नीरज ने घर में जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों को पता लगा तो आनन-फानन में उसे स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए।
हालत नाजुक होने पर चिकित्सक ने नीरज को बेस अस्पताल ले जाने की सलाह दी। जिसके बाद परिजन नीरज को बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही नीरज ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने मौत की पुष्टि की। जिसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों ने बताया कि दो दिसंबर को नीरज की शादी होनी थी, लेकिन उसे पड़ोस में रहने वाला एक लड़का परेशान कर रहा था।
मंगलवार को भी लड़के और नीरज के बीच विवाद हुआ था। जिसके बाद नीरज घर पहुंची और चुपचाप अपने कमरे में चली गई। जहां उसने जहर खा लिया। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने पड़ोसी लड़के को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इधर, यह बात भी सामने आई है कि युवती शादी नहीं करना चाहती थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।
