मुरादाबाद : एक नवंबर को होगी पासिंग आउट परेड, सीएम के आने की संभावना
मुरादाबाद, अमृत विचार। पुलिस की पाठशाला का दर्जा हासिल कर चुके डा.भीमराव अंबेडकर पुलिस अकाडमी में एक नवंबर को पासिंग आउट परेड का आयोजन किया जाएगा। इस परेड में अक्टूबर 2020 से प्रशिक्षण हासिल कर रहे 72 डिप्टी एसपी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ को निमंत्रण पत्र भेजा गया है। शासन स्तर …
मुरादाबाद, अमृत विचार। पुलिस की पाठशाला का दर्जा हासिल कर चुके डा.भीमराव अंबेडकर पुलिस अकाडमी में एक नवंबर को पासिंग आउट परेड का आयोजन किया जाएगा। इस परेड में अक्टूबर 2020 से प्रशिक्षण हासिल कर रहे 72 डिप्टी एसपी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ को निमंत्रण पत्र भेजा गया है।
शासन स्तर से सीएम के आने की संभावना जाहिर किए जाने के बाद स्थानीय पुलिस-प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया है। शुक्रवार को डीआईजी व डीएम समेत अन्य अफसरों ने पुलिस अकाडमी के अलावा 9वीं और 24वीं पीएसी वाहिनी का दौरा भी किया। दौरे के बाद 24वीं वाहिनी में हैलीपैड बनाने पर सहमति बनी। वहीं परेड के मद्देनजर मैदान की मरम्मत के साथ ही रंग-रोगन का कार्य करने की तैयारी शुरू हो गई है।
कांठ रोड स्थित डा.भीमराव अंबेडकर पुलिस अकाडमी को पुलिस की पाठशाला कहा जाता है। यहां पर हर साल तमाम आईपीए के अलावा पीपीएस और सब इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी यहां पर प्रशिक्षण लेते हैं। प्रशिक्षुओं का पुलिस के गुर सिखाने के साथ ही शारीरिक व मानसिक रूप से दक्ष बनाया जाता है। 20 अक्टूबर वर्ष 2020 को यहां पर डिप्टी एसपी के दो बैच का प्रशिक्षण शुरू किया गया था।
निर्धारित वक्त तक 72 प्रशिक्षुओं ने अकाडमी में आमद कराई। इसके बाद करीब एक साल तक सभी बाह्य व आंतरिक विषयों का प्रशिक्षण देने के साथ ही साइबर क्राइम, आपातकालीन स्थिति से निपटने, दंगा नियंत्रण करने समेत पुलिस के सभी गुरों को सिखाया गया। 31 अक्टूबर को इन प्रशिक्षुओं का प्रशिक्षण पूरा हो रहा है। जिस कारण एक नवंबर को पासिंग आउट परेड का आयोजन किया जा रहा है।
सीएम के प्रस्तावित दौरे के तहत तैयारियां तेज
एक नवंबर को होने वाली पासिंग आउट परेड में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने के लिए अकाडमी के अफसरों ने सीएम योगी आदित्यनाथ को आमंत्रण पत्र भेजा है। शुक्रवार को शासन स्तर से सीएम के आने की संभावना जताई गई। यह मैसेज पास होने के बाद पुलिस-प्रशासनिक अफसर एक्टिव हो गए। शुक्रवार को अकाडमी के एडीजी जयनारायण सिंह, डीआईजी शलथ माथुर, डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, एसएसपी बबलू कुमार समेत अन्य अफसरों ने पहले अकाडमी का दौरा किया। परेड स्थल का निरीक्षण करने के बाद मैदान की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा 31 अक्टूबर तक रंग-रोगन का काम पूरा करने के निर्देश दिए। बाद में सीएम का उड़नखटोला उतरने के लिए नवीं व 24वीं वाहिनी पीएसी के मैदान का निरीक्षण किया। बाद में 24वीं वाहिनी में हैलीपैड बनाने पर सहमति बनी।
एक नवंबर को आयोजित परेड में सीएम का दौरा प्रस्तावित है। संभावित दौरे को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई है। इस परेड में 72 डिप्टी एसपी हिस्सा लेंगे। जय नारायण सिंह-अपर पुलिस महानिदेशक, अकाडमी
