बरेली: घर के पास शिविर लगाकर लगाई जाएगी दूसरी डोज
बरेली, अमृत विचार। कोरोना टीके की दूसरी डोज लगवाने के लिए अब घर से दूर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। क्लस्टर वैक्सीनेशन के तहत लाभर्थियों के घरों के आसपास ही टीकाकरण का शिविर लगाया जाएगा। शिविर में ही पंजीयन कराने की व्यवस्था होगी। कोरोना टीकाकरण के मामले में बीते दिनों शासन की ओर से जारी …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना टीके की दूसरी डोज लगवाने के लिए अब घर से दूर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। क्लस्टर वैक्सीनेशन के तहत लाभर्थियों के घरों के आसपास ही टीकाकरण का शिविर लगाया जाएगा। शिविर में ही पंजीयन कराने की व्यवस्था होगी। कोरोना टीकाकरण के मामले में बीते दिनों शासन की ओर से जारी रैंकिग में बरेली को 52वां स्थान मिला है। इसी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से अधिक से अधिक लोगों को टीका लगवाने के लिए जोर दे रहा है।
जिले में 22 लाख से अधिक लोगों को कोरोना के टीके की डोज लगाई जा चुकी है, जिसमें केवल 7 लाख लाभार्थियों को कोरोना के टीके की दो डोज लगाई गई हैं। 14 लाख लोगों को दूसरी डोज के टीके नहीं लगे हैं। वर्तमान में टीकाकरण सरकारी अस्पतालों में कराया जा रहा है। जिससे लोगों को टीका लगवाने के लिए दूर जाना पड़ता है। इसको देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल परिसर के अलावा आगंनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में टीकाकरण शिविर लगाने की योजना बनाई है। यह व्यवस्था बनाकर कार्ययोजना बनाई जा रही है।
कार्ययोजना के तहत हर दिन स्वास्थ्य विभाग 150 गांवों में टीकाकरण शिविर लगाएगा, जिससे गांव में सभी लोगों को टीका लग जाएगा। आवश्यकता होने पर राशन दुकानों के पास भी शिविर लगाया जाएगा, जिससे राशन लेने आने वाले लोगों के परिवार के सदस्यों का टीकाकरण किया जा सके, तभी राशन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक डोज लगाने के बाद तीन माह पूरा हो जाने वाले व्यक्तियों को चिह्नित करना शुरू कर दिया है। उनसे संपर्क कर दूसरी डोज लगवाने का प्रयास किया जा रहा है। जिससे टीकाकरण गति को रफ्तार मिले।
52 हजार के लक्ष्य के सापेक्ष 22311 ने कराया वैक्सीनेशन
जिले में शुक्रवार को 42 प्रतिशत लोगों ने टीकाकरण कराया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में 22,311 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने बताया कि जिले में 52 हजार डोज लगाने का लक्ष्य दिया गया था। इसमें 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए 18 हजार का लक्ष्य दिया गया, जिसके सापेक्ष 9814 लोगों ने वैक्सीन लगवाई, जिसमें से 9179 ने कोविशिल्ड व 635 लोगों ने कोवैक्सीन लगवाई। 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए विभाग ने 34 हजार का लक्ष्य था, जिसके सापेक्ष 12,497 लोगों ने वैक्सीन लगवाई।
