अमरोहा : राकेश टिकैत ने कहा, जब तक तीनों कृषि कानून वापस नहीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा, अमृत विचार। संयुक्त किसान मोर्चा की महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा जब तक सरकार तीनों कृषि कानूनों को वापस नहीं लेगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। यह आंदोलन रोटी और खेती बचाने के लिए किया जा रहा है। आज देश की सरकार किसानों की तरफ कोई ध्यान …

अमरोहा, अमृत विचार। संयुक्त किसान मोर्चा की महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा जब तक सरकार तीनों कृषि कानूनों को वापस नहीं लेगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। यह आंदोलन रोटी और खेती बचाने के लिए किया जा रहा है।

आज देश की सरकार किसानों की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही है। बड़ी-बड़ी कंपनियों को जमीन देने की तैयारी की जा रही है, यानि रोटी भी तिजोरी में बंद हो जाएगी, लेकिन देश का किसान ऐसा नहीं होने देगा। पश्चिमी बंगाल में दवा देने का काम किया तो परिणाम सामने हैं। अगर सरकार नहीं मानी तो आने वाले चुनाव में भी दवा देने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा सरकार को 26 नवंबर तक समय दिया है किसानों को बुलाकर वार्ता करे और किसानों की समस्या का हल करे। उन्होंने कहा देश में पार्टी की सरकार नहीं है, बल्कि मोदी सरकार है। लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी से बयान दिलाओ, इनका आज पता नहीं है, यह लोग कहां हैं।

शनिवार को जोई के मैदान में संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से महापंचायत का आयोजन किया गया। हालांकि यह महापंचायत पहले 17 अक्टूबर को प्रस्तावित थी। लेकिन बारिश की वजह से कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। महापंचायत में राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा देश के हालात खराब हैं। एक साल आंदोलन को हो गया, लेकिन सरकार का कोई ध्यान नहीं है और उल्टे आरोप लगाए जा रहे हैं। पंजाब से लोग आएं तो खालिस्तानी कह दिया जाता है और मुसलमान जाए तो पाकिस्तान बता दिया जाता है। सरकार बिरादरी को आपस में तोड़ने का काम कर रही है।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह लोग तोड़ने का काम कर रहे हैं। गुजरात में समाज को तोड़ा, महाराष्ट्र में भी बिहार में लालू यादव के परिवार को तो प्रदेश में मुलायम सिंह यादव के परिवार को तोड़ दिया। आरएसएस के लोगों से सावधान रहने की जरुरत है। नागपुर से एक आदमी तय होता है और मंत्री के यहां रहता है, हिम्मत नहीं कि मंत्री कोई सिफारिश भी कर सके। उन्होंने कहा यह लड़ाई लंबी चलेगी, इसलिए किसान पूरी तरह से तैयार रहें।

एक आंख दिल्ली पर और दूसरी आंख खेती पर रहनी चाहिए। बड़ी-बड़ी कंपनी अब खाने पर भी अपना अधिकार जमाना चाह रही हैं। उन्होंने कहा प्रदेश की सरकार गुंडागर्दी कर रही है। जिला पंचायत के चुनाव में क्या हुआ, यह सबने देखा। अभी बार्डर खाली नहीं हुए हैं। हमें जमीन बचानी है, नस्ल बचानी और रोटी बचानी है तो आंदोलन पर पूरा सहयोग करें। महापंचायत की अध्यक्षता राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी विजयपाल सिंह ने और संचालन डॉ. चंद्रपाल सिंह ने किया।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज