लखनऊ: निर्माण कार्य में अनियमितता को लेकर मुख्यमंत्री से की शिकायत
लखनऊ। सरोजनी नगर में कानपुर रोड के किनारे गौरी स्थित छठ पूजा तालाब के सौंदर्यीकरण में जमकर अनियमितता बरती गई है। आलम यह कि गत दिनों बरसात में तालाब किनारे बनाई गई पूरी दीवार ढह गई। साथ ही परिसर में लगाई गई इंटरलॉकिंग और तालाब की सीढ़ियां भी जगह-जगह ध्वस्त हो गई हैं। इसको लेकर …
लखनऊ। सरोजनी नगर में कानपुर रोड के किनारे गौरी स्थित छठ पूजा तालाब के सौंदर्यीकरण में जमकर अनियमितता बरती गई है। आलम यह कि गत दिनों बरसात में तालाब किनारे बनाई गई पूरी दीवार ढह गई। साथ ही परिसर में लगाई गई इंटरलॉकिंग और तालाब की सीढ़ियां भी जगह-जगह ध्वस्त हो गई हैं। इसको लेकर सरोजनीनगर प्रथम वार्ड के पार्षद ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर शिकायत की और मामले की जांच कराने की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में पार्षद राम नरेश रावत एडवोकेट ने बताया है कि बीते दिनों पर्यटन विभाग से स्वीकृत 48 लाख 92 हजार रुपए की धनराशि से तालाब का सौंदर्यीकरण कराया गया था। उस दौरान इसका शिलान्यास मंत्री स्वाति सिंह ने किया था। पार्षद का आरोप है कि पर्यटन विभाग अधिकारियों के गठजोड़ से ठेकेदार ने बालू की मात्रा अधिक प्रयोग कर यहां का निर्माण कार्य करा दिया। जिससे अगस्त माह में बरसात होते ही तालाब के किनारे बनाई गई पूरी दीवार ढह कर तालाब में गिर गई।
जबकि परिसर में जमीन पर बिछाई गई इंटरलॉकिंग टाइल्स और तालाब की सीढ़ियां भी बरसाती पानी के कटाव से ध्वस्त हो गई हैं। सरोजनीनगर प्रथम वार्ड के पार्षद राम नरेश रावत का आरोप है कि विभाग ने लीपापोती कर विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार से सांठगांठ कर करीब 20 लाख रुपये का गबन कर लिया। जब विभाग द्वारा ही घटिया कार्य कराया जा रहा है, तो आम जनता के लिए होने वाले कार्यों की क्या स्थिति होगी ? पार्षद का कहना है कि छठ पूजा के कुछ ही दिन शेष बचे हैं। ऐसे में यहां पर छठ पूजा कैसे होगी। पार्षद ने मुख्यमंत्री से मामले की जांच करा कर इसमें दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
