मुरादाबाद : ट्रेन की चपेट में आकर सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत
मुरादाबाद, अमृत विचार। रोशनपुर रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने के चक्कर में रिटायर्ड शिक्षक ट्रेन की चपेट में आ गए। इस हादसे में उनकी मौके पर मौत हो गई। वह काशीपुर जाने के लिए कहकर घर से निकले थे। उनके परिवार में कोहराम मचा है। भगतपुर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों …
मुरादाबाद, अमृत विचार। रोशनपुर रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने के चक्कर में रिटायर्ड शिक्षक ट्रेन की चपेट में आ गए। इस हादसे में उनकी मौके पर मौत हो गई। वह काशीपुर जाने के लिए कहकर घर से निकले थे। उनके परिवार में कोहराम मचा है। भगतपुर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
भगतपुर थाना क्षेत्र के गांव लालपुर बराही निवासी 71 वर्षीय बुद्धा सिंह सेवानिवृत्त अध्यापक थे। उनके परिवार में पत्नी उर्मिला, दो बेटे दिवाकर व सुधाकर और एक बेटी गुड्डी हैं। बुद्धा सिंह का बड़ा बेटा अपने परिवार के साथ काशीपुर में रहता है। सोमवार को बड़ी बहू घर की साफ-सफाई के लिए गांव आ गई थी। काशीपुर में उसके बच्चे अकेले थे।
इसलिए वह पोता-पोती के पास काशीपुर जाने के लिए घर से निकले थे। दोपहर के समय रोशनपुर रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान उनका पैर फिसल गया और वह ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजन और पुलिसकर्मी उन्हें लेकर निजी अस्पताल पहुंचे मगर तब तक उनकी सांसों की डोर टूट चुकी थी। डॉक्टर ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया। मंगलवार दोपहर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराके शव परिजनों को सौंप दिया।
