बरेली: धोखाधड़ी के विरोध पर ट्रैवल एजेंसी संचालक पर जानलेवा हमला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। उत्तराखंड के रहने वाले टूर एंड ट्रैवल एजेंसी संचालक से पीलीभीत के दो लोगों ने प्लॉट का सौदा किया लेकिन बैनामा नहीं किया। उन्होंने किसी अन्य शख्स के नाम प्लॉट का बैनामा कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने ट्रैवल एजेंसी संचालक का घेराव कर उस पर फायर कर दिया। हमले में …

बरेली, अमृत विचार। उत्तराखंड के रहने वाले टूर एंड ट्रैवल एजेंसी संचालक से पीलीभीत के दो लोगों ने प्लॉट का सौदा किया लेकिन बैनामा नहीं किया। उन्होंने किसी अन्य शख्स के नाम प्लॉट का बैनामा कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने ट्रैवल एजेंसी संचालक का घेराव कर उस पर फायर कर दिया। हमले में संचालक बाल-बाल बचे। पीड़ित की शिकायत पर इज्जतनगर पुलिस ने कोर्ट के आदेश से दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।

बारादरी स्थित मंसूरी टूर एंड ट्रैवल्स के मालिक मूल रूप से उत्तराखंड के सितारगंज स्थित बाईपास कॉलोनी के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि 1 सितंबर की शाम वह सितारगंज जा रहे थे। उसी समय सौ फुटा स्थित मंडी तिराहे के पास पीलीभीत निवासी सुरेंद्र सिंह और सरजीत सिंह ने उनकी गाड़ी रोक ली और गाली-गलौज करते हुए हत्या के इरादे से फायर कर दिया। फायर मिस होने की वजह से संचालक की जान बच सकी। इतने में वहां मौजूद स्थानीय लोगों को आते देख आरोपी मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

पीड़ित ने बताया कि आरोपियों से उनकी जान-पहचान थी, करीब दो साल पहले दोनों उनके पास पहुंचे और रुपयों की जरूरत बताते हुए प्लॉट बेचने की बात कही। उन्होंने तीन लाख रुपयों में उनका प्लॉट खरीदने का सौदा किया था। 28 अगस्त 2019 को आरोपियों को नगद तीन लाख का भुगतान किया था, लेकिन बैनामा नहीं किया।

उसके बाद किसी और को बैनामा कर दिया। उन्होंने थाना पुलिस और एसएसपी कार्यालय में भी शिकायत की लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। जिसके बाद वह कोर्ट गए। कोर्ट के आदेश के बाद इज्जतनगर पुलिस ने सुरेंद्र सिंह और सरजीत सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, हत्या का प्रयास करने व धमकाने समेत कई गंभीर धाराओं में नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।

संबंधित समाचार