बरेली: महिलाओं को आगे बढ़ाकर बेटियों को मजबूत बनाएं
बरेली, अमृत विचार। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने मंगलवार को ‘हक की बात जिलाधिकारी के साथ’ कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं के संरक्षण, सुरक्षा देने एवं आत्मनिर्भर बनाने के मुद्दों पर बात की। उन्होंने महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने और बेटियों को मजबूत बनाने की जरूरत बताई। सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा …
बरेली, अमृत विचार। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने मंगलवार को ‘हक की बात जिलाधिकारी के साथ’ कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं के संरक्षण, सुरक्षा देने एवं आत्मनिर्भर बनाने के मुद्दों पर बात की। उन्होंने महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने और बेटियों को मजबूत बनाने की जरूरत बताई। सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाओं और बेटियों को समान अवसर प्रदान किये जा रहे हैं। बेटियों को समाज में अपनी प्रतिभागिता बढ़-चढ़ कर करनी चाहिए।
मिशन शक्ति अभियान के तहत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में एक बालिका द्वारा मिशन शक्ति के संबंध में पूछने पर जिलाधिकारी ने बताया कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं को फ्रंट पर लाना है। उनको मजबूत एवं आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनकी प्रतिभा को उजागर करना है।
जिलाधिकारी ने बताया कि मिशन शक्ति 3.0 अभियान की जागरुकता के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं भी अपनी बात उजागर करने लगी हैं। जिलाधिकारी ने संदेश दिया कि वह स्वयं को मजबूत एवं आत्मनिर्भर बनायें। घरेलू हिंसा या दहेज के मामले में अगर किसी महिला का पति उनके साथ गलत बर्ताव/मारपीट करता है या सपोर्ट नहीं करता है तो वह महिला उससे अलग होकर दूसरा रास्ता अपनायें। वह किसी भी गलत इंसान पर निर्भर न रहें।
साथ ही सक्षम बनने को सरकार की तमाम कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लें। कार्यक्रम में उपनिदेशक महिला कल्याण नीता अहिरवार ने अधिकारियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। यौन हिंसा, लैंगिक असामानता, घरेलू हिंसा, कार्य स्थल पर लैंगिक हिंसा, शौचालय, आवास, कोविड-19 तथा दहेज आदि से संबंधित 35 पीड़िताओं ने प्रार्थना पत्र के साथ जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। महिलाओं ने जिलाधिकारी से शीघ्र निस्तारण कराने की मांग की।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकरी चन्द्र मोहन गर्ग, पुलिस अधीक्षक एमपी सिंह, अपर नगर आयुक्त सुनील कुमार यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक सुभाष चन्द्र मौर्या, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विनय कुमार, इंस्पेक्टर महिला थाना छवि सिंह, जिला बाल संरक्षण इकाई का स्टॉफ, स्वैच्छिक संगठन आदि उपस्थित रहे।
