अयोध्या: पांचवें दीपोत्सव के मुख्य कार्यक्रम का हुआ आगाज
अयोध्या। पांचवें दीपोत्सव के मुख्य कार्यक्रम का आगाज बुधवार सुबह 10 बजे शोभायात्राओं के निकलते ही शुरू हो गया। साकेत महाविद्यालय से रामायणकालीन 11 शोभायात्राएं निकाली गर्इं। राम की धुन के साथ निकल रहीं झांकियों को देखने के लिए श्रद्धालु उमड़ पड़े। भगवान के स्वरूप पर फूलों की बारिश की। हर कोई अपने ईष्ट को …
अयोध्या। पांचवें दीपोत्सव के मुख्य कार्यक्रम का आगाज बुधवार सुबह 10 बजे शोभायात्राओं के निकलते ही शुरू हो गया। साकेत महाविद्यालय से रामायणकालीन 11 शोभायात्राएं निकाली गर्इं। राम की धुन के साथ निकल रहीं झांकियों को देखने के लिए श्रद्धालु उमड़ पड़े। भगवान के स्वरूप पर फूलों की बारिश की। हर कोई अपने ईष्ट को मोबाइल में कैद करता दिखाई दिया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम थे।

सुबह 10 बजे साकेत महाविद्यालय से डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर शोभायात्राओं को रवाना किया। साथ में जिले के प्रभारी मंत्री नीलकंठ तिवारी, मेयर ऋषिकेश उपाध्याय, विधायक वेद गुप्ता भी रहे शोभायात्राओं में तरह-तरह का मंचन हो रहा था। हर झांकी के साथ कलाकार डांडिया, पारंपरिक नृत्य व देश भक्ति गीतों पर प्रस्तुति देते नजर आए। साथ चल रहे भगवान राम के परिवार के स्वरूप के दीदार का हर कोई दीवाना दिखा।

यह झांकियां बिडला धर्मशाला, हनुमानगढ़ी, श्रृंगारघाट, नयाघाट तिराहा होते हुए रामकथा पार्क पर दो बजे पहुंची। इस दौरान रास्ते में व घरों की छतों पर खड़े श्रद्धालु झांकियों पर पुष्प वर्षा कर रहे थे। ऐसा विहंगम नजारा शायद त्रेता युग के बाद बुधवार को अयोध्या की सड़कों पर दिखा। श्रद्धालु राम नाम की भक्ति में डूब भगवान राम के आगमन की इस मंगल बेला के साक्षी बन गए।

अयोध्या में लाउडस्पीकरों पर हर जगह राम नाम की ही धुन बज रही है। इसमें बच्चे, बूढ़े, जवान और महिलाएं सभी मगन दिखे। झांकियों को मोबाइल में कैद करने की भी होड़ दिखी। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। शोभायात्राओं के पीछे एंबुलेंस व फायर ब्रिगेड की गाड़ी चल रही थी। आगे एक टैंकर पानी गिराते हुए सड़क को साफ करते जा रहा था। झांकियों में तकरीबन 400 कलाकारों ने प्रतिभाग किया।
