बरेली: रामपुर जाने के लिए कार्यालय से निकला एरिया मैनेजर हुआ लापता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। धनतेरस पर कार्यालय जाने की बात कह कर एक निजी कंपनी का एरिया मैनेजर घर से निकला। इसके बाद देर रात पत्नी को फोन पर कंपनी के काम से रामपुर जाने की बात कही उसके बाद वह गायब हो गया। परिजनों के काफी तलाश करने के बाद भी मैनेजर का कुछ भी …

बरेली, अमृत विचार। धनतेरस पर कार्यालय जाने की बात कह कर एक निजी कंपनी का एरिया मैनेजर घर से निकला। इसके बाद देर रात पत्नी को फोन पर कंपनी के काम से रामपुर जाने की बात कही उसके बाद वह गायब हो गया। परिजनों के काफी तलाश करने के बाद भी मैनेजर का कुछ भी पता नहीं चल सका। परिजनों के मुताबिक कर्मचारी के पास हजारों की नगदी व अन्य महंगा सामान होने की बात बताई जा रही है। वहीं शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने कर्मचारी की तलाश शुरू कर दी है।

कोतवाली थाना क्षेत्र के सिकलापुर निवासी विजय यादव उर्फ विक्की चौकी चौराहा स्थित बजाज कैपिटल कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। विजय के बड़े भाई नंद किशोर ने बताया कि धनतेरस के दिन विजय कार्यालय जाने की बात कहते हुए घर से निकले थे। देर शाम तक जब विजय घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की लेकिन उनका कुछ भी पता नहीं चल सका। बताया कि देर रात विजय ने पत्नी अर्चना यादव को फोन किया और कार्यालय के काम से रामपुर जाने के बारे में बताते हुए अगले दिन सुबह आने की बात कही थी। बताया जा रहा है कि उसके बाद से ही उनका नंबर बंद हो गया था।

अगले दिन भी कर्मचारी के वापस न आने और फोन द्वारा भी कोई संपर्क न होने पर परिजनों की चिंताएं बढ़ गईं। इसके बाद विजय के बड़े भाई सपा के पूर्व महानगर उपाध्यक्ष दिनेश यादव के साथ कोतवाली थाने पहुंचे और विजय के लापता होने की तहरीर पुलिस को दी। तहरीर मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कर्मचारी की सीडीआर निकलवाई। वहीं कोतवाली इंस्पेक्टर हिमांशु निगम ने बताया कि विजय यादव की अंतिम लोकेशन रामपुर की मिली और शाम को उनकी लोकेशन धनेटा फाटक के पास की पाई गई है। वहीं परिजनों के मुताबिक विजय के पास 50 से 60 हजार रुपये की नगदी, एक सोने की चेन, अंगूठी, आइफोन व पल्सर बाइक होने की बात बताई जा रही है। वहीं परिजनों ने विजय यादव के अपहरण की आशंका भी जताई है।

–वर्जन
परिजनों द्वारा कर्मचारी के अपहरण की आशंका जताते हुए तहरीर दी गई है। पुलिस ने विजय की अंतिम लोकेशन ट्रेस की है, जिसकी आधार पर पुलिस टीम तलाश में जुटी हुई है — हिमांशु निगम, इंस्पेक्टर, कोतवाली

संबंधित समाचार