बरेली की महिला टीम ने जीता मैच
बरेली, अमृत विचार। 69वीं अंतर्जनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता में मंडल के सात जनपदों से आए खिलाड़ियों ने हॉकी स्टिक का जादू दिखाया। रविवार को पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित प्रतियोगिता के लिए दो पूल बनाए गए। पूल ए में बरेली, अमरोहा, बिजनौर, संभल और बदायूं की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। पूल बी में मुरादाबाद, …
बरेली, अमृत विचार। 69वीं अंतर्जनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता में मंडल के सात जनपदों से आए खिलाड़ियों ने हॉकी स्टिक का जादू दिखाया। रविवार को पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित प्रतियोगिता के लिए दो पूल बनाए गए। पूल ए में बरेली, अमरोहा, बिजनौर, संभल और बदायूं की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। पूल बी में मुरादाबाद, पीलीभीत, रामपुर और शाहजहांपुर की टीमें शामिल हैं। पहले दिन के मैच में महिला टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। बरेली की महिला खिलाड़ियों ने बदायूं टीम के साथ हुए मैच में 3-0 से विजय प्राप्त की। दोनों टीमों के बीच शुरुआत से ही रोमांचक स्थिति बनी रही।
इससे पूर्व पुरुषों की टीमों के बीच मैच हुए। जिसमें मुरादाबाद-पीलीभीत के बीच हुए मैच में पीलीभीत की टीम ने विरोधी खेमे के खिलाफ दो गोल दागकर जीत सुनिश्चित की। बदायूं और संभल के बीच हुए दूसरे मुकाबले में बदायूं की टीम ने रोमांचक मुकाबले में 3-1 से जीत दर्ज कराई। इसके बाद हुए तीसरे मैच में बरेली की टीम ने कम समय में बदायूं के खिलाड़ियों को मौका दिए बगैर 3-0 से जीत हासिल की। रामपुर और पीलीभीत के बीच खेला गया मैच सबसे ज्यादा रोमांचक रहा।
रामपुर के खिलाड़ी महेश जोशी ने स्टिक का जादू बिखेरते हुए अकेले दम पर स्कोर को 3-0 तक पहुंचाया और जीत अपने नाम की। इससे पूर्व पुलिस लाइन में आयोजित हॉकी प्रतियोगिता का आरंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण ने किया। कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त क्षेत्राधिकारी जगदीश सिंह पाटनी ने किया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राजकुमार अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक यातायात राम मोहन सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक साद मियां खान सहित अधिकारी व पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
