मुरादाबाद : त्रिपुरा में मुस्लिम समाज पर हिंसा के विरोध में उतरी कांग्रेस
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन अफजल साबरी के नेतृत्व में त्रिपुरा में राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित मुस्लिम विरोधी हिंसा के विरोध में आवाज उठाने वाले वकील, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों पर गैरकानूनी तरीके से यूएपीए के तहत लगाए गए फर्जी मुकदमों को हटाने के लिए मंगलवार को कलक्ट्रेट परिसर में …
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन अफजल साबरी के नेतृत्व में त्रिपुरा में राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित मुस्लिम विरोधी हिंसा के विरोध में आवाज उठाने वाले वकील, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों पर गैरकानूनी तरीके से यूएपीए के तहत लगाए गए फर्जी मुकदमों को हटाने के लिए मंगलवार को कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। जिला अधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन दिया।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने कहा कि त्रिपुरा में मुस्लिम समाज की इबादतगाहों और संपत्तियों पर आरएसएस, बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद जैसे आतंकी संगठनों ने हमले किए। जिसमें दर्जनों मस्जिद और मजार और दुकानों को क्षति पहुंची। इन हमलों को राज्य की विपुल कुमार देव सरकार का पूरा संरक्षण प्राप्त था। इसीलिए दोषियों के खिलाफ कोई कारवाई नहीं की गई।
कहा कि इन आतंकी घटनाओं को देश के सामने अपनी जांच के जरिए लाने वाले सुप्रीम कोर्ट के वकीलों, सामाजिक कार्यकर्ता और पत्रकारों पर भी राज्य सरकार ने यूएपीए के तहत फर्जी मुकदमे दर्ज कर दिए हैं जो सच्चाई को दबाने का अपराधिक कृत्य है।
ज्ञापन में राष्ट्रपति से दखल देकर संवैधानिक जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए त्रिपुरा सरकार को सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता एहतेशाम हाशमी, अधिवक्ता अमित श्रीवास्तव, अधिवक्ता अनसार इंदौरी, नागरिक अधिकार संगठन पीयूसीएल के अधिवक्ता मुकेश, पत्रकार श्याम मीरा सिंह पर लगाए गए यूएपीए के फर्जी मुकदमों को तत्काल प्रभाव से वापस लेने का आदेश देने की मांग की गई।
विरोध प्रदर्शन कर ज्ञापन देने वालों में जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन अफजल साबरी, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष असलम खुर्शीद, महानगर चेयरमैन सबदर नियाजी, इरशाद हुसैन, गयूर अंसारी, विवेक कुमार, भयंकर सिंह, अफसर खान, शकील सकलैनी, सोहेल पाशा, इमरान मलिक, नाजिम मलिक, मजहर खान, अकरम अंसारी, खालिद नूर, अरशद अंसारी, अफसर अंसारी आदि शामिल रहे।
