बरेली: जिले में निकले 21 डेंगू के मरीज, एक की मौत
बरेली, अमृत विचार। जिले में डेंगू और बुखार का कहर थम नहीं रहा है। मंगलवार को एक और डेंगू पीड़ित युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि 21 नए मरीज मिले हैं। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। पुराना शहर निवासी 66 वर्षीय वृद्ध की बीते दिनों तबीयत खराब होने …
बरेली, अमृत विचार। जिले में डेंगू और बुखार का कहर थम नहीं रहा है। मंगलवार को एक और डेंगू पीड़ित युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि 21 नए मरीज मिले हैं। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। पुराना शहर निवासी 66 वर्षीय वृद्ध की बीते दिनों तबीयत खराब होने पर स्थानीय स्तर पर उपचारित किया जा रहा था।
रविवार को हालत गंभीर होने पर उन्हें भोजीपुरा स्थित निजी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया जहां सोमवार देर रात उन्होंने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को जिले में 270 लोगों की डेंगू की जांच में 58 लोगों में एनएस-1 कार्ड में डेंगू की पुष्टि हुई, जिसके बाद एलाइजा रीडर से जांच करने पर 21 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। डेंगू से सबसे ज्यादा प्रभावित शहरी इलाकों में इस वर्ष सीबीगंज व ग्रामीण इलाकों में भोजीपुरा रहा।
सीएमओ डा. बलवीर सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार डेंगू निरोधात्मक कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को डीबीसी व मलेरिया विभाग की टीम की ओर से 428 घरों में डेंगू निरोधात्मक कार्रवाई की है। बता दें कि अब तक जिले में कुल डेंगू के मरीजों की संख्या 469 हो गई है, जिसमें से अब तक विभागीय आंकड़ों के अनुसार सात लोगों की मौत हो चुकी है।
