यूपी चुनाव: प्रियंका की पहल पर महिलाएं जमकर कर रहीं टिकट का आवेदन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने जब से महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देने की घोषणा की है, तब से पार्टी में विधानसभा चुनाव के लिए महिलाओं के आवेदन की संख्या बढ़ गई है। अब तक सिर्फ लखनऊ की विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए 17 आवेदन आ चुके हैं। प्रियंका गांधी ने …

लखनऊ। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने जब से महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देने की घोषणा की है, तब से पार्टी में विधानसभा चुनाव के लिए महिलाओं के आवेदन की संख्या बढ़ गई है। अब तक सिर्फ लखनऊ की विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए 17 आवेदन आ चुके हैं। प्रियंका गांधी ने हाल ही में ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ थीम के तहत टिकट देने में महिलाओं के आरक्षण की घोषणा की थी, इसके बाद से पार्टी में महिला पदाधिकारी-कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं।

कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश भर की कांग्रेसी महिलाएं टिकट पाने के लिए पार्टी कार्यालय पहुंच रही हैं। टिकट के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 15 नवंबर है।  कांग्रेस के पदाधिकारी फिलहाल आवेदन दाखिल करने वाले उम्मीदवारों के नामों का खुलासा नहीं कर रहे हैं, उनका कहना कि 15 तारीख के बाद इसकी सूची जारी की जाएगी, पर पार्टी सूत्रों ने बताया कि प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों में हर सीट पर लगभग 20 आवेदन आ रहे हैं, जिसमें 50 प्रतिशत आवेदन महिलाओं की ओर से हैं।

एक अनुमान के तहत अब तक करीब आठ हजार आवेदन आ चुके हैं। कुल 403 सीटों में 40 प्रतिशत यानी 161 टिकट महिलाओं को दिये जाने हैं। सूत्रों के अनुसार लखनऊ की नौ विधानसभा सीटों पर महिलाओं की ओर से आये आवेदनों में लखनऊ उत्तर, कैंट, सरोजनीनगर व बख्शी का तालाब सीट पर एक-एक, लखनऊ पूर्व, पश्चिम सीट व मोहनलालगंज सीट से तीन-तीन व लखनऊ मध्य सीट पर चार उम्मीदवार शामिल हैं।

लखीमपुर मोहम्मदी सीट से निधि शुक्ला ने मांगा टिकट

वर्ष 2003 के मधुमिता हत्याकांड से चर्चा में आईं निधि शुक्ला ने लखीमपुर मोहम्मदी सीट से चुनाव लड़ने के लिए टिकट मांगा है। हाल ही में उन्होंने आवेदन किया है। निधि शुक्ला मधुमिता शुक्ला की छोटी बहन हैं। उन्होंने वर्ष 2009 में कांग्रेस की सदस्यता ली। प्रियंका गांधी के विभिन्न आयोजनों में निधि शुक्ला शामिल होती रही हैं। मधुमिता हत्याकांड में पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी अपनी पत्नी के साथ आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं।

संबंधित समाचार