बरेली: प्रदूषण ने बढ़ा दी आंखों की दिक्कतें, जलन, खुजली, आंसू से लोग परेशान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। दीपावली पर हुई आतिशबाजी की वजह से प्रदूषण की वजह से सांस ही नहीं आंखों की बीमारी के मरीज भी तेजी से बढ़ गए हैं। आंखों में जलन, खुजली, लालिमा और पानी आने की शिकायत लेकर मरीज नेत्र रोग विशेषज्ञों के पास पहुंच रहे हैं। इनमे से अधिकांश मरीजों को कंकड़ चुभने …

बरेली, अमृत विचार। दीपावली पर हुई आतिशबाजी की वजह से प्रदूषण की वजह से सांस ही नहीं आंखों की बीमारी के मरीज भी तेजी से बढ़ गए हैं। आंखों में जलन, खुजली, लालिमा और पानी आने की शिकायत लेकर मरीज नेत्र रोग विशेषज्ञों के पास पहुंच रहे हैं। इनमे से अधिकांश मरीजों को कंकड़ चुभने जैसी दिक्कत भी आ रही है। ओपीडी में एलर्जिक कंजेक्टिवाइटिस, ड्राई आई सिंड्रोम के मरीजों की संख्या करीब 50 फीसदी तक बढ़ गई है।

जिला अस्पताल में तैनात वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. एके गौतम ने बताया कि इन दिनों वातावरण में प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ है। ऐसे में अधिकतर लोग आंखों में जलन, लाल होना, पानी आना की समस्या से पीड़ित हैं। प्रदूषण से आंखों के ड्राई होने के मामले भी सामने आ रहे हैं। इस बीमारी से न सिर्फ मरीज को असुविधा होती है, बल्कि नजर भी कमजोर हो जाती है।

इसके अलावा आंखों में इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए यह महत्वपूर्ण है कि लोगों को आसान सुरक्षा उपायों का पालन करना चाहिए जैसे कि निकलते समय धूप का चश्मा पहनें, खुद को हाइड्रेट रखना, आंखों को रगड़ने से बचना आदि। विशेषज्ञों ने बताया कि ओपीडी में आंखों की एलर्जी के मरीज 50 फीसदी तक बढ़ गए हैं।

आंखों पर मेकअप से भी करें परहेज
निजी अस्पतालों में भी नेत्र रोगों के मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है। वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. शेखर यादव ने बताया कि प्रदूषण के दौरान महिलाएं आंखों पर मेकअप से बचें, क्योंकि धूल के कण मेकअप के साथ चिपक जाते हैं। इस वजह से भी आंखों में जलन और खुजली होती है। मेकअप प्रोडक्ट में इस्तेमाल होने वाले केमिकल से एलर्जी भी हो सकती है।

आंखों में जलन होने पर करें ये उपाय

  • आंखों को गंदे हाथों से न छुएं।
  • घर से बाहर निकलते समय सनग्लास लगाएं।
  • आंखों को थोड़ी-थोड़ी देरी में ठंडे पानी से धोएं।
  • कॉन्टेक्ट लेंस वाले लोग जीरो नंबर का चश्मा लगाएं।
  • डाक्टर से परामर्श के बाद ही आई ड्रॉप का उपयोग करें।

संबंधित समाचार