बरेली: जिले में 10 लाख से अधिक बच्चों को लगेगा कोरोना रोधी टीका
बरेली, अमृत विचार। बच्चों के लिए कोरोना रोधी वैक्सीन को लेकर शासन की ओर से मंजूरी मिलने के बाद जिले में बच्चों के वैक्सीनेशन के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने बताया कि 10 लाख से अधिक बच्चों को टीका लगाने की तैयारी की गई है। वैक्सीन आते …
बरेली, अमृत विचार। बच्चों के लिए कोरोना रोधी वैक्सीन को लेकर शासन की ओर से मंजूरी मिलने के बाद जिले में बच्चों के वैक्सीनेशन के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने बताया कि 10 लाख से अधिक बच्चों को टीका लगाने की तैयारी की गई है। वैक्सीन आते ही टीकाकरण शुरू कर दिया जाएगा।
वैक्सीन की खरीदारी कहां से और कैसे होगी, इसे लेकर शीघ्र ही शासन की ओर से निर्देश जारी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कोमोर्बिड बच्चों को पहले टीका लगाया जाएगा। आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को ऐसे बच्चों को चिह्नित करने के लिए लगाया गया है। शीघ्र ही ऐसे बच्चों की सूची तैयार कर डेटा पूरा हो जाएगा।
शून्य से 17 साल तक के आठ लाख बच्चे व किशोर
विभागीय अधिकारियों के अनुसार जिले में शून्य से लेकर 17 साल तक के आठ लाख से अधिक बच्चे व किशोर हैं। पहले चरण में दो से आठ वर्ष, दूसरे चरण में नौ से 12 वर्ष व तीसरे चरण में 13 से 17 वर्ष तक के बच्चों को टीका लगाने की तैयारी है। हालांकि अभी इस संबंध में कोई निर्देश नहीं आया है।
संक्रमित हो चुके हैं 1050 बच्चे
कोरोना संक्रमण की दोनों लहर में शून्य से 10 साल तक के 1050 बच्चे संक्रमित हो चुके हैं। दूसरी लहर में 45 बच्चे अति गंभीर हुए थे। उन्हें 300बेड कोविड अस्पताल समेत अन्य मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था। जो स्वस्थ होकर घर चले गए।
आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व एएनएम को बीमार बच्चों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया है। ताकि ऐसे बच्चों को पहले टीका लगाया जा सके, चाहे वे किसी भी उम्र के हों। स्वस्थ बच्चों को तीन चरणों में टीका लगाने की तैयारी है। इसके अलावा शासन का जैसा निर्देश होगा, उसका पालन किया जाएगा। -डा. बलवीर सिंह, सीएमओ
