मुरादाबाद : 22 सूत्रीय मांगों को लेकर डिप्लोमा इंजीनियरों ने दिया धरना
मुरादाबाद, अमृत विचार। जूनियर इंजीनियर की वेतन विसंगति को दूर करने, राजपत्रित घोषित करने, जूनियर इंजीनियर को सेवा काल में 7,14,20वें वर्ष में सहायक अभियंता, अधिशासी अभियंता, अधीक्षण अभियंता के पद पर पदोन्नति सहित 22 सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के जिलाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में डिप्लोमा इंजीनियरों ने कलेक्ट्रेट …
मुरादाबाद, अमृत विचार। जूनियर इंजीनियर की वेतन विसंगति को दूर करने, राजपत्रित घोषित करने, जूनियर इंजीनियर को सेवा काल में 7,14,20वें वर्ष में सहायक अभियंता, अधिशासी अभियंता, अधीक्षण अभियंता के पद पर पदोन्नति सहित 22 सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के जिलाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में डिप्लोमा इंजीनियरों ने कलेक्ट्रेट गेट के सामने गुरुवार को एक दिवसीय धरना दिया।
धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार महासंघ की मांगे पूरी करे। लंबे समय से केवल आश्वासन दिया जा रहा है। लेकिन अब टालमटोल सहन नहीं किया जाएगा। क्षेत्रीय अध्यक्ष लोकनिर्माण विभाग इंजीनियर अविनाश कुमार ने कहा कि महासंघ की इस लड़ाई में हम अपने विभाग की ओर से पूरी क्षमता के साथ तन, मन, धन से लगे हैं। महासचिव सिंचाई विभाग इंजीनियर रविंद्र कुमार ने कहा कि अगर हमारी मांग सरकार ने जल्द पूरी नहीं की तो आरपार के आंदोलन के लिए सभी तैयार हैं।
मंडल सचिव इंजीनियर मनोज कुमार ने कहा कि यह आंदोलन हमारे सम्मान और अस्मिता की लड़ाई है। धरने में प्रांतीय पर्यवेक्षक के रूप में मंडल अध्यक्ष इंजीनियर बीके मौर्य और मंडल सचिव मनोज कुमार उपस्थित थे। धरने का संचालन जनपद सचिव इंजीनियर प्रवीण कुमार ने किया। अंत में मुख्यमंत्री को संबोधित 22 सूत्रीय मांगपत्र जिला प्रशासन के माध्यम से भेजा गया।
धरने में केके शुक्ला, अनित कुमार, पूजा वर्मा, सुरेंद्र सिंह, हरीश कुमार, परमानंद कश्यप, अरविंद कुमार, एसपी सिंह, जैयंती प्रसाद, कुमुद राजपूत दिनेश कुमार, संतोष कुमार सिंह, रोहित यादव, असजद, शिव मोहन आदि ने मांगों के समर्थन में विचार व्यक्त किए।
