रामपुर : रजा लाइब्रेरी में मौलाना अबुल कलाम की जयंती पर लगी प्रदर्शनी
रामपुर, अमृत विचार। रजा लाइब्रेरी में भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में अमूल्य योगदान देने वाले, स्वतंत्र भारत के प्रथम शिक्षामंत्री एवं भारत रत्न से सम्मानित मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती के अवसर पर मौलाना अबुल कलाम आजाद से संबंधित पुस्तकों की प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी का उद्घाटन सौलत पब्लिक लाइब्रेरी के अध्यक्ष शौकत अली खां …
रामपुर, अमृत विचार। रजा लाइब्रेरी में भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में अमूल्य योगदान देने वाले, स्वतंत्र भारत के प्रथम शिक्षामंत्री एवं भारत रत्न से सम्मानित मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती के अवसर पर मौलाना अबुल कलाम आजाद से संबंधित पुस्तकों की प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी का उद्घाटन सौलत पब्लिक लाइब्रेरी के अध्यक्ष शौकत अली खां एडवोकेट ने किया। प्रदर्शनी 11 से 20 नवम्बर तक प्रदर्शित की जाएगी।
राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर लगाई गई पुस्तक प्रदर्शनी के उद्घाटन के बाद शौकत अली खां एडवोकेट ने कहा कि आज विश्व प्रसिद्ध रामपुर रजा लाइब्रेरी में शिक्षा एवं साहित्य के महान व्यक्तित्व मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती के अवसर पर प्रदर्शनी का उद्घाटन करके बहुत खुशी हुई। रजा लाइब्रेरी ने बहुत ही खूबसूरती के साथ मौलाना की सेवा को आमजनमानस के समक्ष प्रस्तुत किया है।
कहा कि देश के पहले शिक्षामंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद 1952 में रामपुर लोकसभा सीट से ही जीत हासिल कर दिल्ली संसद तक पहुंचे थे और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की स्थापना उनके सबसे अविस्मरणीय कार्यों में से एक है। कहा कि मौलाना आजाद प्रसिद्ध कवि, लेखक, पत्रकार और भारतीय स्वतंत्रता सेनानी थे। भारत की आजादी के बाद वह एक महत्वपूर्ण राजनीतिज्ञ पद पर रहे और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सिद्धांतों का समर्थन करते थे। उन्होंने हिन्दू-मुस्लिम एकता के लिए बहुत से कार्य किए। इस मौके पर डॉ. अबुसाद इस्लाही, तारिक अजहर, हिमांशु सिंह आदि मौजूद रहे।
प्रदर्शनी में यह हैं पुस्तकें
हमारी आजादी, इमाम उल हिन्द, अबुल कलाम आजाद शताब्दी-खण्ड 4, फैजान-ए-अबुल कलाम, बजाय-ए-आजाद, मौलाना अबुल कलाम आजाद का तारीखी खुत्बा, इन्तेखाब खुतबत-ए-खिलाफत, इन्तेखाब तजकिराह मौलाना अब्दुल कलाम आजाद, इन्तेखाब हमदर्द, दावत-ए-हक, मौलाना आजाद द्वारा लिखित गुबार-ए-खातिर, तफसीर-ए-नुकात, हुज्जत-ए-इब्राहिमी, तारीखे-आजादी, हमारी आजादी (आप बीती), मौलाना आजाद (हिन्दी) असरार-ए-आजादी (मौलाना अबुल कलाम आजाद की खुदनविश्त तस्वीरें) आदि पुस्तकें प्रदर्शनी में लगाई गई।
