संभल : खेत की रखवाली करने गए किसान का मिला शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल/गुन्नौर, अमृत विचार। थाना जुनावई क्षेत्र के एरोलानवाबाद गांव निवासी किसान बुधवार की शाम फसल की रखवाली के लिए खेत पर गया था। गुरुवार की सुबह खेत पर बने मचान के नीचे उसका शव मिला। सुबह में वहां पहुंचे खेत स्वामी ने देखा तो हतप्रभ रह गए। उनकी सूचना पर पहुंचे परिजनों को रो-रोकर बुरा …

संभल/गुन्नौर, अमृत विचार। थाना जुनावई क्षेत्र के एरोलानवाबाद गांव निवासी किसान बुधवार की शाम फसल की रखवाली के लिए खेत पर गया था। गुरुवार की सुबह खेत पर बने मचान के नीचे उसका शव मिला। सुबह में वहां पहुंचे खेत स्वामी ने देखा तो हतप्रभ रह गए। उनकी सूचना पर पहुंचे परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।

गांव निवासी 60 वर्षीय किसान रामवीर पुत्र मथुरा घर से खाना खाकर बुधवार के लिए गांव से चार किलोमीटर दूर गंगा की तलहटी में स्थित खेत पर रखवाली के लिए गए थे। उन्होंने गांव के अजय पाल का खेत बटाई पर ले रखा था। उसमें सरसों व ईख की फसल बोई थी। उसे जंगली पशुओं से बचाने लिए खेत रात को खेत पर बने मचान पर सोते थे। बुधवार की रात भी वह घर से खेत पर आए थे।

सुबह में खेतस्वामी अजय पाल जब खेत पर पहुंचे तो रामवीर का शव मचान के नीचे पड़ा हुआ मिला। यह देख वह हक्का-बक्का रह गए। उन्होंने उनके परिजनों को फोन पर घटना की जानकारी दी। वे जब मौके पर पहुंचे तो शव को देख वहां चीख-पुकार मच गई। वे बग्गी में शव को रखकर घर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

किसान के पुत्र कालीचरण ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है। थाना प्रभारी रामवीर सिंह ने बताया कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा। फिलहाल कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। किसान के पुत्र की ओर से अज्ञात पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी गई है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी

संबंधित समाचार