जाम से कराह रहा रामपुर, वाहनों के बोझ से चरमराई यातायात व्यवस्था
रामपुर, अमृत विचार। नगरवासियों को जाम की समस्या से मुक्ति नहीं मिल पा रही है। रोजाना जाम की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। शहर की कोई भी सड़क ऐसी नहीं है, जहां जाम की समस्या से लोग परेशान नहीं हैं। सड़क किनारे दो पहिया व चार पहिया वाहनों को खड़ा करना जाम …
रामपुर, अमृत विचार। नगरवासियों को जाम की समस्या से मुक्ति नहीं मिल पा रही है। रोजाना जाम की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। शहर की कोई भी सड़क ऐसी नहीं है, जहां जाम की समस्या से लोग परेशान नहीं हैं। सड़क किनारे दो पहिया व चार पहिया वाहनों को खड़ा करना जाम का प्रमुख कारण है। इस समस्या पर ट्रैफिक पुलिस भी कोई खास ध्यान नहीं दे रही है। चल रहे यातायात माह में लोग भी जमकर नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
शहर में न तो पार्किंग की व्यवस्था है और न ही ट्रैफिक की व्यवस्था है। शहर में मिस्टनगंज से लेकर नसरुल्ला खां बाजार, किला गेट व राजद्वारा में लोगों को रोजाना जाम से जूझना पड़ता है। इस जाम के झाम से राहगीर परेशान होते हैं। सुबह 10 बजे से ही जाम लगना शुरू हो जाता है जो देर शाम तक चलता है। वहीं ट्रैफिक पुलिसकर्मी वहां बैठकर तमाशा देखते नजर आते हैं। सबसे ज्यादा जाम का कारण पार्किंग नहीं होना है। इसके साथ ही दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है।
इससे जाम की समस्या उत्पन्न होती है। बाजार में दिन भर हर घंटे लगने वाले जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इसके चलते शहर में वाहन रेंगते रहते हैं। सबसे अधिक परेशानी बाइक चालकों को होती है। इस जाम के चक्कर में मरीजों को ले जाने वाली एंबुलेंस भी कभी-कभी जाम में फंस जाती है। लोगों का कहना कि जगह-जगह जाम लगने से परेशानी बढ़ती जा रही हैं।
जिम्मेदार इस समस्या के प्रति उदासीन रवैया अपनाए हुए हैं। रोड के किनारे फुटपाथ पर ही लोग आडे़-तिरछे वाहन खड़े कर देते हैं। इससे वाहनों को आने-जाने में परेशानी तो होती ही है, साथ ही जाम की भी समस्या पैदा हो जाती है। अतिक्रमण के कारण पैदल चलना भी कठिन हो गया है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
बिलासपुर गेट से घेरतोगा तक अतिक्रमण
शहर में बिलासपुर गेट से घेरतोगा तक जाम की ज्यादा समस्या उत्पन्न होती है। जिसका मुख्य कारण बिलासपुर गेट से घेरतोगा तक अतिक्रमण है। दुकानदारों ने सड़क के आगे बने फुटपाथ तक कब्जा कर रखा है। इससे लोगों को निकलने में काफी दिक्कतें आती हैं। कई बार तो काफी लंबा जाम लग जाता है। पुलिस प्रशासन और नगरपालिका भी इस ओर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रही है। लोगों ने फुटपाथ पर भी अतिक्रमण कर रखा है।
