पीलीभीत: ईंटों लदी खड़ी ट्राली में घुसी बाइक, तीन की मौत
पूरनपुर, अमृत विचार। असम हाईवे पर देर शाम तेज रफ्तार बाइक रोड पर खड़ी ईंटों लदी ट्राली में जा घुसी। हादसे में गुरुद्वारे के ग्रंथी और उनकी पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उनकी भांजी ने अस्पताल पहुंचकर दम तोड़ा। निजी बैंक के शाखा प्रबंधक ने हाईवे …
पूरनपुर, अमृत विचार। असम हाईवे पर देर शाम तेज रफ्तार बाइक रोड पर खड़ी ईंटों लदी ट्राली में जा घुसी। हादसे में गुरुद्वारे के ग्रंथी और उनकी पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उनकी भांजी ने अस्पताल पहुंचकर दम तोड़ा। निजी बैंक के शाखा प्रबंधक ने हाईवे पर अपनी कार रोककर घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। मगर, उसे वहां भी बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
क्षेत्र के गांव अभयपुर जब्ती निवासी मेजर सिंह (37) शाम लगभग सात बजे अपने गांव से सुपर स्पलेंडर बाइक से पत्नी रजविंदर कौर (35) और भांजी कमलजीत कौर (33) के साथ खुटार की ओर आसाम रोड हाईवे पर जा रहे थे। मोहनपुर जब्ती गुरुद्वारे के पास आसाम रोड हाईवे इनकी बाइक पहले से रोड के किनारे खड़ी ईंटों लदी ट्राली में जा घुसी।
हादसे में मेजर सिंह और उनकी पत्नी रजविंदर कौर की मौके पर ही मौत हो गई। भांजी कमलजीत कौर गंभीर रूप से घायल हो गई। खुटार की ओर से एचडीएफसी बैंक के खुटार ब्रांच मैनेजर हरजिंदर सिंह अपनी कार से निकल रहे थे। वह घटनास्थल पर रुके और कमलजीत कौर को अपनी कार से तुरंत सीएचसी लेकर गए। वहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
मृतक पति-पत्नी के चार बच्चे अमनदीप-18, लवप्रीत-15, सिमरनजीत-14 और जसप्रीत-12 हैं। भांजी कमलजीत की भी शादी हो चुकी है। उसके दो बच्चे गुरुवचन सिंह और निरभयाल सिंह हैं। मेजर सिंह कुर्रिया गुरुद्वारे में ग्रंथी थे। वह गुरुद्वारे में पत्नी के साथ रहकर सेवा करते थे। उनकी भांजी भी अपने मामा के साथ ही कुर्रिया गुरुद्वारे में रहकर सेवा करती थी।
हादसे की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के भाई चरनजीत सिंह ने बताया कि तीनों देर शाम बाइक से गुरुद्वारा ही जा रहे थे। रास्ते में दर्दनाक हादसा हो गया।
