मिशन 2022: काशी में भाजपा के ‘चाणक्य’ अमित शाह, चुनावी मंथन शुरू
लखनऊ। भाजपा के सबसे बड़े चुनावी रणनीतिकार गृहमंत्री अमित शाह काशी पहुंच गए हैं। दो दिवसीय दौरे पर यूपी आए गृहमंत्री की चुनावी रणनीति गढ़ने में जुटे हैं। इस कड़ी में उन्होंने सभी विधानसभा व जिला प्रभारियों के साथ बैठक की। जिसमें साफ कर दिया कि पार्टी की जीत का माहौल तैयार करें, चेहरा कोई …
लखनऊ। भाजपा के सबसे बड़े चुनावी रणनीतिकार गृहमंत्री अमित शाह काशी पहुंच गए हैं। दो दिवसीय दौरे पर यूपी आए गृहमंत्री की चुनावी रणनीति गढ़ने में जुटे हैं। इस कड़ी में उन्होंने सभी विधानसभा व जिला प्रभारियों के साथ बैठक की। जिसमें साफ कर दिया कि पार्टी की जीत का माहौल तैयार करें, चेहरा कोई भी हो, चुनाव कमल को जिताना है।
केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को दो दिवसीय वाराणसी पहुंचे। शाम साढ़े चार बजे एयरपोर्ट पर उनके पहुंचते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से शाह सीधे लंका पहुंचे, जहां उन्होंने महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। उनके साथ मुख्यमंत्री के अलावा प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान भी थे। शाम को बड़ालालपुर स्थित हस्तकला संकुल में भाजपा के चुनाव प्रबंधन की टीम के साथ पहले उन्होंने चुनावी स्थितियों और तैयारियों का जायजा लिया।
इसके बाद जिला व विधानसभा प्रभारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में उन्होंने कहा कि मोदी-योगी की अगुवाई में माहौल भाजपा के पक्ष में है। विरोधी जो कुचक्र रच रहे हैं, उसका मुंहतोड़ और सटीक जवाब दिया जाए। कौन चुनाव लड़ेगा? यह देखते हुए चुनाव की तैयारी नहीं होनी चाहिए। बल्कि संगठन भाजपा के लिए हर विधानसभा सीट पर तैयारी करे। कई सत्र में चलने वाली यह बैठक देर रात तक जारी थी। सूत्रों के अनुसार शाह ने उत्साह भरते हुए कहा कि भाजपा फिर 300 सीट पार करेगी, बस हमें विपक्ष की चाल में नहीं आना है। बैठक में राष्ट्रवाद और हिंदुत्व के साथ ही विकास कार्यों पर भी फोकस रहने का संदेश दिया गया। बैठक में मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के अलावा संगठन के कई बड़े नेता शामिल रहे।
कल आजमगढ़ में हुंकार भरेंगे शाह
गृह मंत्री शनिवार को वाराणसी में राजभाषा विभाग के पहले अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद दोपहर को वे आजमगढ़ के लिए रवाना हो जाएंगे। जहां से चुनावी शंखनाद करेंगे।
अलग-अलग सत्र में होगी चर्चा
पहला सत्र में केंद्रीय मंत्री व चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान इसकी अध्यक्षता करेंगे। दूसरे सत्र की अध्यक्षता अमित शाह करेंगे। इसमें छह सौ से ज्यादा पदाधिकारी शामिल रहेंगे और यहां अलग-अलग चरणों में पार्टी का शीर्ष नेतृत्व चर्चा करेगा।
शाह के बागडोर थामने से भाजपाई उत्साहित
अमित शाह को कुशल संगठनकर्ता के रूप में जाना जाता है। ऐसे में जिस तरह से उन्होंने यूपी चुनाव को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ाई है, उससे माना जा रहा है कि पार्टी एकजुटता से चुनाव लड़ेगी और शाह की रणनीति विपक्षियों पर भारी पड़ सकती है। इस वजह से भाजपाई उत्साहित नजर आ रहे हैं।
