संभल : सिरसी में डेंगू से एक और मौत, अस्पताल में भर्ती किशोर ने तोड़ा दम
संंभल/सिरसी, अमृत विचार। जनपद में डेंगू का कहर बढ़ता ही जा रहा है। हर रोज डेंगू के मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो रही है। बुखार से पीड़ित लोग सरकारी व निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे है। इसके बाद भी हर रोज डेंगू से मरने वाली मौतों में इजाफा हो रहा है। सिरसी गांव …
संंभल/सिरसी, अमृत विचार। जनपद में डेंगू का कहर बढ़ता ही जा रहा है। हर रोज डेंगू के मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो रही है। बुखार से पीड़ित लोग सरकारी व निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे है। इसके बाद भी हर रोज डेंगू से मरने वाली मौतों में इजाफा हो रहा है। सिरसी गांव में इसका प्रकोप काफी है। शनिवार को गांव के एक और किशार की जान बुखार ने ले ली। लगातारबढ़ते मामलों से गांव में दहशत बढ़ती जा रही है।
जनपद में डेंगू के मरीजों की संख्या दिनों दिन बढ़ती ही जा रही है। बीमारी से मरने वालों का आंकड़ा भी हर रोज बढ़ रहा है। इसकी वजह से लोगों में भय बना हुआ है। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के सिरसी नगर के मोहल्ला गिन्नौरी निवासी मोहम्मद मंजर के 12 वर्षीय पुत्र अब्दुल समद को पांच दिन पहले बुखार आया था। पहले तो परिजनों ने गांव के ही झोलाझाप से उसका इलाज करवाया।
सुधार न होने पर सम्भल ले गए। वहां भी सुधार नहीं हुआ तो मुरादाबाद के अस्पताल में भर्ती करवाया। शनिवार को उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। शुक्रवार को भी नखासा थाना क्षेत्र के कुरकावली गांव में वृद्धा की डेंगू से मौत हो गई थी। इसके बाद भी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जगह-जगह गंदगी फैली हुई है। डॉ. मनोज का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग ने अक्टूबर में 2622 लोगों की मलेरिया जांच की थी। उसमें 15 लोग पॉजिटिव मिले थे। 817 लोगों की डेंगू की जांच कराई गई, जिसमें 60 लोगों में अब तक डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। प्रतिदिन कैंप लगाकर लोगों की जांच कर दवा वितरित की जा रही है।
