उन्नाव: बाग में मिले गोवंश के कंकाल, प्रधान, सचिव व डिप्टी सीवीओ पर होगी कार्रवाई
उन्नाव। मियागंज विकासखंड की मालिहमऊ गौशाला के निरीक्षण के दौरान कई गोवंश बीमार मिलने के बाद सीडीओ सामने बाग में पहुंच गए। यहां पर कई गोवंश के कंकाल मिलने पर सीडीओ का पारा चढ़ गया। उन्होंने प्रधान, सचिव के साथ उप मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई की संस्तुति की है। इसके अलावा एक अन्य …
उन्नाव। मियागंज विकासखंड की मालिहमऊ गौशाला के निरीक्षण के दौरान कई गोवंश बीमार मिलने के बाद सीडीओ सामने बाग में पहुंच गए। यहां पर कई गोवंश के कंकाल मिलने पर सीडीओ का पारा चढ़ गया। उन्होंने प्रधान, सचिव के साथ उप मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई की संस्तुति की है। इसके अलावा एक अन्य गोशाला के तीन साल बाद भी अधूरी मिलने पर जांच के आदेश दिए हैं।
सोमवार दोपहर सीडीओ दिव्यांशु पटेल अचानक मियागंज की मालिहमऊ गोशाला पहुंच गए। निरीक्षण के दौरान यहां पर कई गोवंश बीमार मिले। जिस पर उन्होंने तुरंत बीमार मवेशियों का उपचार कराने को कहा। इसके बाद सामने एक बाग नज़र आई तो संदेह के आधार पर सीधे वहीं पहुंच गए। बाग में कई गोवंश के कंकाल देख उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए मालिहमऊ प्रधान, सचिव और उप पशु चिकित्सा अधिकारी पर कार्रवाई की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट डीएम की भेजी है।
यह भी पढ़ें:-हरदोई: रजिस्टर पर फर्जी हाजिरी लगाकर हड़प रहे थे धन, सीडीओ ने पकड़ा
वहीं गोशाला में सीडीओ को हरा चारा नहीं मिला। स्टोररूम के बाहर पॉलिथीन में पौधरोपण को आए पौधे रखे मिले। ग्रामीणों ने बताया कि पौधे यहीं फेंक दिए गए थे। सीडीओ ने जांच के आदेश दिए हैं। इसके बाद सीडीओ कनीगांव में अधूरी पड़ी गौशाला का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां ग्रामीणों ने बताया कि तीन साल से गौशाला ऐसे ही अधूरी पड़ी है।
ग्रामीणों ने प्रधान द्वारा पैसा निकाल लेने की भी आशंका जताई तो सीडीओ ने फ़ाइल जांच के बाद कार्रवाई की बात कही। सीडीओ ने बताया कि निरीक्षण में काफी गड़बड़ी मिली है। मालिहमऊ में प्रधान, सचिव और उप पशु चिकित्सा अधिकारी पर कार्रवाई की संस्तुति की गई है। अन्य पर जांच के बाद कार्रवाई होगी।
