काश, दिल्ली में भी उत्तर प्रदेश जैसा मुख्यमंत्री होता : गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। युवा देश का भविष्य है। युवा मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश को देश का सबसे तेज विकास करने वाला प्रदेश बना दिया। काश, दिल्ली में भी उत्तर प्रदेश जैसा मुख्यमंत्री होता। यह बात मुरादाबाद में युवोत्थान कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे पूर्व किक्रेटर व दिल्ली पूर्वी से भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने कही। …

मुरादाबाद, अमृत विचार। युवा देश का भविष्य है। युवा मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश को देश का सबसे तेज विकास करने वाला प्रदेश बना दिया। काश, दिल्ली में भी उत्तर प्रदेश जैसा मुख्यमंत्री होता। यह बात मुरादाबाद में युवोत्थान कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे पूर्व किक्रेटर व दिल्ली पूर्वी से भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने कही।

मंगलवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा पाकबड़ा के तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी में युवोत्थान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सदस्य व दिल्ली पूर्वी से भाजपा सांसद गौतम गंभीर रहे। विशिष्ट अतिथि नोएडा के विधायक पंकज सिंह रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद गौतम गंभीर ने कहा मेरा हमेशा से मानना रहा है कि युवा देश का भविष्य हैं।

देश का युवा ही आगे जाकर देश को बदलेगा। शुरू में मुझसे पूछा गया कि आप राजनीति में क्यों आए। जिस पर मैंने कहा था कि मैं देश का युवा हूं। मैं जमीन पर उतरकर देश को बदला चाहता हूं। आम सब जानते है कि पिछले पांच साल में उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा विकास हुआ है। उसके पीछे भी युवा मुख्यमंत्री का ही हाथ है। जबकि कुछ नेता ऐसे भी हैं जो दिल्ली जैसे छोटे से क्षेत्र को नहीं संभाल पा रहे हैं।

पिछले पांच साल में उत्तर प्रदेश में विकास की गंगा बही है और कोरोना में यूपी सरकार ने सबसे अच्छा काम किया है। जबकि दिल्ली में कोरोना काल में सबसे ज्यादा परेशानी हुई है। आज जब हम उत्तर प्रदेश को देखते है तो सोचते है कि काश यूपी जैसा मुख्यमंत्री दिल्ली में भी होता। उन्होंने आगे कहा कि युवा और अच्छे लोगों को राजनीति में जरूर आना चाहिए। क्योंकि युवाओं की सोच और नियत बिलकुल साफ होती है और युवा ही देश को बदलने का जज्बा रखते हैं। जब तक युवा व अच्छे लोग राजनीति में नहीं आयेंगे, तब तक देश आगे नहीं बढ़ेगा।

कार्यक्रम में मुख्य रूप में टीएमयू के चांसलर सुरेश जैन, नगर विधायक रितेश गुप्ता, बढ़ापुर विधायक सुशांत सिंह, भाजपा युवा मोर्चा की प्रदेश मंत्री अंजलि चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान, क्षेत्रीय महामंत्री सचिन चौधरी, मीडिया प्रभारी निशांक शर्मा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अरुण पंडित, महानगर अध्यक्ष अभिषेक चौबे, महामंत्री शुभम राहल, अर्पित चौहान, उपाध्यक्ष रवि बॉक्सर, शरद कौशिक, मीडिया प्रभारी युद्धवीर सिंह, मंत्री कशिश चौहान, सुमित दिवाकर व सोशल मीडिया प्रभारी अमन ठाकुर शामिल रहे।

प्रदेश का युवा भाजपा के साथ, इस बार होगी बड़ी जीत: सिंह
युवोत्थान कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने कहा कि देश के साथ-साथ उत्तर प्रदेश का युवा भारतीय जनता पार्टी के साथ है। इसलिए इस बार उत्तर प्रदेश में 2022 में भी भाजपा की बड़ी जीत होगी। बल्कि पिछली बार से भी ज्यादा बड़ी जीत होगी। उन्होंने कहा युवा मोर्चा द्वारा प्रदेश के सभी जिलों में युवोत्थान कार्यक्रम किए जा रहे है।

जिसमें युवाओं का खूब जोश दिख रहा है। क्योंकि भाजपा सरकार ने महिलाओं और युवाओं के लिए बहुत काम किया है। फिल्म अभिनेत्री कंगना के बयान वाले सवाल पर उन्होंने कहा मैं नहीं जानता कि उन्होंने क्या कहा है, मैं सिर्फ इतना जानता हूं कि देश की आजादी के लिए हजारों लोगों ने अपना बलिदान किया है। लोगों ने भारत मां के चरणों में अपनी जान को फूलों की तरह निछावर किया है। तब जाकर हमारा देश आजाद हुआ है। मैं ऐसे लोगों को नमन करता हूं और हमेशा करता रहूंगा।

छात्र-छात्राओं ने गौतम गंभीर व पंकज सिंह से किए सवाल
तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी में आयोजित भाजपा के युवोत्थान कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे इंडियन क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज व दिल्ली पूर्वी से सांसद गौतम गंभीर व नोएडा भाजपा के विधायक पंकज सिंह ने दीप प्रज्जलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की। कार्यक्रम में तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के चांसलर सुरेश जैन ने गौतम गंभीर व पंकज सिंह का माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद सांसद गौतम गंभीर व विधायक पंकज सिंह द्वारा कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों से आए प्रॉफेशनल यूथ के साथ प्रश्न-उत्तरों के माध्यम से सीधा संवाद किया गया।

जिसमें एक छात्रा आलिया सैफी ने पूछा कि राजनीति और क्रिकेट में आपके लिए क्या मुश्किल था। गौतम गंभीर ने कहा कि मेरे लिए ज़्यादा टफ क्रिकेट था, क्योंकि हमेशा कोई अच्छी फार्म में नही रह सकता। जरूरी नहीं की आज रन बनाए तो कल भी रन बनाए। उन्होंने कहा कि क्रिकेट से आप देश के लोगों के चहरे पर मुस्कान दे सकते हैं। लेकिन राजनीति एक ऐसी चीज है, जहां आप लोगों की जिदगी बदल सकते हैं। बुजुर्ग कहते है कि खेलोगे कूदोगे तो बनोगे खराब वाले सवाल पर गौतम गंभीर ने कहा कि अब पहले जैसा कुछ नहीं है। आज खेलों में जितना सम्मान व पैसा है, ऐसा किसी और क्षेत्र में नहीं है।

जिनता देश में खिलाड़ी को इज्जत मिलती है, उतनी किसी को नहीं मिलती है। आज माता-पिता भी अपने बच्चों से कहते है कि खेल में भी अपना भविष्य बना सकते हो। उन्होंने कहा कि अगर देश के लिए अच्छा खेलते हो तो आपको सम्मान के साथ खूब पैसा भी मिलेगा। साथ ही खेल आपको बहुत कुछ सिखाता है। अगर देश के लिए खेलते हो तो आपको लगेगा कि खेल कितना खास है। उधर, छात्र कपिल मलिक ने पंकज सिंह से पूछा कि एक साल से किसान गाजीपुर बार्डर पर आंदोलन कर रहे है।

आप किसानों से मिलने कितनी बार पहुंचे। जिसके जवाब में भाजपा विधायक पंकज सिंह ने कहा कि देश को आगे ले जाने में किसानों की त्याग, तपस्या, परिश्रम का बड़ा योगदान है। इसीलिए हमारे कृषि मंत्री, गृह मंत्री और अनेकों मंत्री किसानों से लगातार बात कर रहे हैं। हमारे दरवाजे खुले हैं और हम उनको आमंत्रित भी कर रहे हैं। तीन कृषि कानून सरकार लेकर आई है ये किसानों के हित में हैं। इसीलिए हम लगातार किसानों को तीनों कृषि कानून की सही जानकारी दे रहे है।

संबंधित समाचार