बिजनौर: महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष से गेस्ट हाउस में अभ्रदता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नूरपुर, अमृत विचार। सरकारी गेस्ट हाऊस में ठहरे महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य के साथ शराब के नशे में पहुंचे तीन युवकों द्वारा अभद्रता व गाली गलौच करने का मामला सामने आया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष की तहरीर पर पुलिस गेस्ट हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरे में अराजक तत्वों की हरकत की फुटेज …

नूरपुर, अमृत विचार। सरकारी गेस्ट हाऊस में ठहरे महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य के साथ शराब के नशे में पहुंचे तीन युवकों द्वारा अभद्रता व गाली गलौच करने का मामला सामने आया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष की तहरीर पर पुलिस गेस्ट हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरे में अराजक तत्वों की हरकत की फुटेज खंगालने की कार्रवाई में जुट गई है।

महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने पत्रकारवार्ता में आप बीती बताते हुए कहा कि मंगलवार को संगठन के तत्वावधान में बिजनौर में सैनी विकास महापंचायत का आयोजन किया गया है। जिसमें वह बतौर मुख्यातिथि आमंत्रित हैं। वह सोमवार की रात को नूरपुर स्थित सरकारी गेस्ट हाऊस में पदाधिकारियों के साथ रुके थे।

आरोप है कि रात को करीब 11 बजे शराब के नशे में धुत तीन युवक वहां पहुंचे और उनकी गाड़ियों को गेस्ट हाउस से बाहर निकालने को कहने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौच करने लगे। बाहर शोर-शराबा सुनकर वह और उनका पुत्र किशन भैया, संगठन के प्रदेशाध्यक्ष शिव कुमार यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष रामानंद सैनी बाहर निकले तो वह युवक मारपीट पर उतारू हो गए। उन्होंने इसकी सूचना मोबाइल पर एसपी को दी। एसपी के निर्देश पर पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन इससें पहले ही तीनों युवक भाग निकले।

मंगलवार की सुबह सहयोगी दल समाजवादी पार्टी के नूरपुर विधायक हाजी नईमुल हसन गेस्ट हाऊस पहुंचे और इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए अराजक तत्वों के खिलाफ ठोस कानूनी कार्रवाई किये जाने पर जोर दिया। घटना के संबंध में राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य की ओर से थाना प्रभारी निरीक्षक को तहरीर दी गई।

पुलिस तहरीर के आधार पर गेस्ट हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरे से अराजक तत्वों की फुटेज खंगालने की कार्यवाही में जुटी है। उधर, बताया जाता है कि सरकारी गेस्टहाउस शराब का अड्डा बना हुआ है। अक्सर यहां पर कुछ छुटभैये सफेदपोश नेताओं का जमावड़ा लगा रहता है।

संबंधित समाचार