बरेली: बरातघर फुल, महीने भर गूंजेंगी शहनाइयां

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। देवोत्थान एकादशी के बाद मंगलवार से वैवाहिक समारोहों की शुरूआत हो गई। इस बार करीब 6000 जोड़े परिणय सूत्र में बधेंगे। जिले के लगभग 300 मैरिज हॉल, बैक्वेंट व होटल बुक पहले ही बुक हो चुके हैं। दो साल से बंदिशों के चलते शादियों का कारोबार काफी धीमा था। अबकी बार लगन …

बरेली, अमृत विचार। देवोत्थान एकादशी के बाद मंगलवार से वैवाहिक समारोहों की शुरूआत हो गई। इस बार करीब 6000 जोड़े परिणय सूत्र में बधेंगे। जिले के लगभग 300 मैरिज हॉल, बैक्वेंट व होटल बुक पहले ही बुक हो चुके हैं। दो साल से बंदिशों के चलते शादियों का कारोबार काफी धीमा था। अबकी बार लगन का मौसम भी कोरोना की छाया से मुक्त है और पूरी क्षमता से मेहमानबाजी की छूट मिली है।

इसलिए इस बार बैंड बाजें और सजावट वाले भी नहीं मिल रहे हैं। कुछ बारात घरों में तो एक ही दिन एक से अधिक बुकिंग की गई है। वहीं सहालग को लेकर कारोबारियों के चेहरे भी खिल गए हैं क्योंकि वह लंबे समय से कारोबार ठप रहने की वजह से चिंतित थे। नवंबर में सात तो दिसंबर में शादियों के आठ मुहूर्त बताए गए हैं।

कोरोना काल के बीत दो सालों में शुभ मुहूर्त होने के बावजूद बहुत से परिवारों ने वैवाहिक कार्यक्रमों को टाल दिया था। जिन लोगों ने शादियों की भीं उन्होंने गिनती के मेहमानों के साथ रस्म अदायगी की। इसलिए कोरोना की छाया हटने के बाद वह इस बार कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। इधर, बारात घर संचालकों की मानें तो शहर से लेकर देहात तक सभी मैरिज हॉल और बैंक्वेट पहले से ही बुक हैं। कई जगह तो दिन और रात में शादियों की बुकिंग की गई है।

कुछ लोग ऐसे हैं जिनको मैरिज हाल नहीं मिले तो धर्मशालाओं में बुकिंग कराई। कुल मिलाकर शादी वाले घरों और मैरिज हॉल संचालकों में खासा उत्साह है। अबकी 15 नवंबर से शुरू हुई लगन 14 दिसंबर तक चलेगी। इसमें लगभग 29 दिन मुहूर्त मिल रहा है। 18,19,22,26 और 28 तारीख बहुत तेज है।

दो साल से बंदिशों के चलते कारोबार था धीमा
अप्रैल के दौरान शादियों के सीजन में शादियों को लेकर बंदिशे भी थीं। लड़का पक्ष व लडकी पक्ष को 100 लोगों की अनुमति दी जा रही थी। जिस कारण मैरिज हॉल, बैंक्वेंट और होटल के कारोबार पर काफी असर पडा था। इस सहालग पर कोरोना का प्रकोप न होने के चलते बंदिशें भी नहीं है। इस बार शादियों को लेकर दिसंबर तक पहले ही एडवांस बुकिंग हो चुकी है और कारोबारियों के चेहरे खिले हुए हैं। कारोबारियों का कहना है कि इस सहालग के बाद कारोबार पटरी पर आ जाएगा।

एक ही बारात में की गई तीन-तीन बुकिंग
सहालग को लेकर बारातघरों का आलम ये है कि एक ही दिन में शादी के लिए 2-2 बुकिंग की गई हैं। वहीं इस बार सजावट वाले और बैंडबाजें वाले भी ढूंढे नहीं मिल रहे हैं। आजाद नगर निवासी मुनेंद्र ने बताया कि उनकी बहन की दिसंबर में शादी है और घर की सजावट वाले नहीं मिल रहे हैं। इस बार सहालग को लेकर कारोबार अच्छा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

कोरोना काल में बहुत से वैवाहिक कार्यक्रम टाल दिए गए थे। इन कार्यक्रमों को कराने को लेकर काफी दबाव सा महसूस हो रहा था। इस बार कोरोना की छाया नहीं लेकिन सभी सवाधानियां बरती जाएंगे। सहालग के चलते लगभग सभी तरह के कारोबार इस बार उम्मीद से अच्छा होने के आसार हैं। -गोपेश अग्रवाल, अध्यक्ष, बरेली बैंक्वेट हाल एसोसिएशन

संबंधित समाचार