रानी ने दिखाया, नारी न तो अबला है और न ही रणभूमि उसके लिए कोई बाधा: रक्षा मंत्री
झांसी। रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर तीन दिवसीय ‘राष्ट्र रक्षा समर्पण पर्व’ के शुभारंभ के लिए आये रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने वीरांगना को नमन करते हुए कहा कि महारानी लक्ष्मीबाई ने अपनी वीरता और पराक्रम से दिखाया कि नारी न तो अबला है और न ही रणभूमि उसके लिए कोई बाधा। यहां मुक्ताकाशी मंच से …
झांसी। रानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर तीन दिवसीय ‘राष्ट्र रक्षा समर्पण पर्व’ के शुभारंभ के लिए आये रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने वीरांगना को नमन करते हुए कहा कि महारानी लक्ष्मीबाई ने अपनी वीरता और पराक्रम से दिखाया कि नारी न तो अबला है और न ही रणभूमि उसके लिए कोई बाधा। यहां मुक्ताकाशी मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य गणमान्यों की मौजूदगी में कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन करने के बाद रक्षा मंत्री ने उपस्थित लोगों को सम्बोधित किया।
इस दौरान कहा कि महारानी का जीवन भले ही छोटा था, लेकिन उन्होंने अपने शौर्य और पराक्रम से उसे नई बुलंदियों तक पहुंचाया। “ मैं अपनी झांसी नहीं दूंगी ” उनकी इस घोषणा ने स्वराज जैसे आंदोलन को जन्म दिया। उन्होंने बहुत ही कम उम्र में अपने राजपाट, अपने परिजनों और अपने बच्चे को खोया लेकिन राष्ट्र के सम्मान को नहीं खोने दिया। यहीं उन्हें शिखर पर पहुंचाता है। रक्षा मंत्री ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री का आभार प्रकट करना चाहता हूं। यह पर्व आजादी के अमृत महोत्सव से हमें जोड़ता है। झांसी का कण- कण महारानी के शौर्य और पराक्रम से ओतप्रोत है। महारानी की राष्ट्रभक्ति और मिट्टी को नमन करता हूं।
पढ़ें: गलत बिलिंग पर एमडी की भी तय होगी जिम्मेदारी: ऊर्जा मंत्री
उन्होंने कहा “ दुर्भाग्य से हमारे देश में महिलाओं को आजादी के बाद सुरक्षा के क्षेत्र में काम करने का कम ही अवसर मिला। महिलाएं रक्षा व सुरक्षा के मामले में बहुत कुछ करके दिखा सकती हैं। सुभाषचंद्र बोस ने एक महिला रेजिमेंट बनायी थी। जिसका नाम रानी लक्ष्मीबाई ब्रिगेड रखा था। जब से प्रधानमंत्री ने बागडोर संभाली है, महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है। मैंने गृहमंत्री रहते हुए एडवाइजरी जारी की थी और उसके बाद ही पुलिस में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी। तीनों सेनाओं में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ रही है। यहीं महारानी लक्ष्मीबाई के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
इसके अलावा मंच पर सीएम योगी की तारीफों के पुल बांधते हुए रक्षामंत्री ने कहा कि कर्मयोग व भक्तियोग का समन्वय हैं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। यूपी की तारीफ अन्य राज्यों में हो रही है। घर की मुर्गी तो शाक बराबर होती है। योगी जी के साथ भी ऐसा ही है। आप नहीं जानते पर अन्य राज्यों में आपके मुख्यमंत्री की चर्चा होती है। कार्यक्रम में झांसी-ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा, सदर विधायक रवि शर्मा, केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग राज्यमंत्री भानुप्रताप वर्मा आदि उपस्थित रहे।
