बरेली: बयाना देकर दस टायरा ट्रक पर किया कब्जा, रिपोर्ट दर्ज
बरेली, अमृत विचार। 50 हजार रुपये बयाना देकर उत्तराखंड निवासी एक युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर फर्जी कागजों पर अंगूठा लगवा दस टायरा ट्रक पर कब्जा कर लिया। ट्रक मालिक ने समय बीतने पर बकाया रकम मांगी तो आरोपी जान से मारने की धमकी देने लगे। इज्जतनगर पुलिस ने तीनों आरोपियों के …
बरेली, अमृत विचार। 50 हजार रुपये बयाना देकर उत्तराखंड निवासी एक युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर फर्जी कागजों पर अंगूठा लगवा दस टायरा ट्रक पर कब्जा कर लिया। ट्रक मालिक ने समय बीतने पर बकाया रकम मांगी तो आरोपी जान से मारने की धमकी देने लगे। इज्जतनगर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
कंजादासपुर निवासी नन्हू खां ने बताया कि उनके पास दस टायरा ट्रक था। 25 जुलाई 2019 को उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर निवासी सिकंदर अपने साथी भोजीपुरा निवासी यासीन और करमपुर चौधरी के जाबिर के साथ उनके पास पहुंचा। तीनों ने मिलकर 2.80 लाख रुपये में उसका ट्रक खरीदने का सौदा कर लिया। 28 जुलाई 2019 को बयाना के तौर पर आरोपियों ने 50 हजार रुपये की रकम ट्रक स्वामी को दे दी। बकाया धनराशि जल्द देने का वादा कर स्टांप पेपर पर अंगूठा लगवा लिया और ट्रक पर कब्जा कर लिया।
काफी समय तकादे के बाद 15 फरवरी 2020 को आरोपियों ने बैंक ऑफ बड़ौदा की किच्छा शाखा में संचालित वीरेंद्र शर्मा नाम के व्यक्ति के खाते का 1.30 लाख रुपये का चेक ट्रक स्वामी को दिया, लेकिन वह भी बाउंस हो गया। 30 अगस्त को नन्हू खां अपने बेटे मौस खां और बाबू खां के साथ आरोपी सिकंदर के पास ऊधम सिंह नगर पहुंचा और ट्रक वापस मांगा। इस पर गुस्साए आरोपी ने उनके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।
वापस आने पर पीड़ित ने आरोपी यासीन से संपर्क किया और ट्रक दिलवाने की मांग की थी, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। ट्रक स्वामी की शिकायत पर एएसपी साद मियां खान के निर्देश पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मंगलवार देर रात इज्जतनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
