बरेली: श्री गुरू नानक देव के प्रकाश पर्व पर आज सजेगा अमृतमयी कीर्तन दरबार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। पूरे संसार को कुरीतियों से बचाने, बांटकर खाने, समस्त मानव जाति को एक जैसा सत्कार और सबका सम्मान करने का उपदेश देने वाले श्री गुरू नानक देव का 552वां पावन प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। श्री अकाल तखत साहिब से आए पंज प्यारों द्वारा विवाद …

बरेली, अमृत विचार। पूरे संसार को कुरीतियों से बचाने, बांटकर खाने, समस्त मानव जाति को एक जैसा सत्कार और सबका सम्मान करने का उपदेश देने वाले श्री गुरू नानक देव का 552वां पावन प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। श्री अकाल तखत साहिब से आए पंज प्यारों द्वारा विवाद सुलझाने के बाद सेंट्रल गुरू पूरब कमेटी संगत के सहयोग से प्रकाश पर्व 18 (आज) और 19 नवंबर को बिशप मंडल इंटर कॉलेज में श्रद्धा एवं उत्साह से मनाया जाएगा।

फतेहगंज साहिब पंजाब, अमृतसर साहिब पंजाब, बंगला साहिब दिल्ली, जम्मू, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से पंथ प्रसिद्ध रागी एवं प्रचारक भी विशेष रूप से कार्यक्रम में बुलाए गए हैं, जो गुरु की महिमा का बखान कर संगत को निहाल करेंगे। इधर देर रात तक बिशप मंडल इंटर कॉलेज में कार्यक्रम को लेकर टेंट लगाने से लेकर सजावट की गई।

मुख्य गुरु पर्व दीवान में 20 हजार संगत के आने की उम्मीद
बिशप मंडल इंटर कॉलेज परिसर में बुधवार दोपहर बाद आयोजित प्रेसवार्ता में सेंट्रल गुरु पूरब कमेटी के मुख्य सेवादार कुलदीप सिंघ पन्नू समेत अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि मुख्य गुरु पर्व दीवान में 15 से 20 हजार संगत के आने की उम्मीद है। बताया कि जसप्रीत सिंघ-मनप्रीत सिंघ (फतेहगढ़ साहिब पंजाब), गुरमीत सिंघ सहारनपुरी (श्री अमृतसर साहिब पंजाब), रणजीत सिंघ खालसा (बंगला साहिब दिल्ली), जगतार सिंघ (जम्मू), ज्ञानी हरजीत सिंघ हरमन (शाहबाद मारकन्हा हरियाणा), ज्ञानी बलदेव सिंघ (पाउंटा साहिब हिमाचल प्रदेश) कार्यक्रम में पहुंच रहे हैं। कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

कार्यक्रम में माता भाग कोर ग्रुप, अखंड कीरतनी जत्था, सिक्ख सेवक जत्था, सिक्ख मिशनरी कालेज, गुरवाणी सेवा सोसाइटी, खालसा पंथ सुखमनी सेवा सोसाइट, गुरु सेवक जत्था, बरेली की समस्त गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों एवं स्त्री सत्संग सभा का सहयोग रहेगा। इस मौके पर कमेटी के महासचिव महिंदर सिंघ, परमजीत सिंघ दुआ, गुरबचन सिंघ, रवींदर पाल सिंघ, हरवंत पाल सिंघ बेदी, विजेंदर सिंघ, गुरमीत सिंघ, सुखवंत सिंघ, हरनाम सिंघ, करतार सिंघ, कंवलजीत सिंघ, मनु बख्शी, विक्की, अमरजीत सिंघ कालड़ा, विंदरपाल सिंघ, गुरुचरन सिंघ, रामिंदर सिंघ, मालिक सिंघ कालड़ा, सतवंत सिंघ चड्डा, सुरजीत सिंघ छाबड़ा, परमीत सिंघ, अरुण कुमार, मंजीत सिंघ, अमरजीत सिंघ, परविंदर सिंघ आदि उपस्थित रहे।

आज सजेगा अमृतमयी कीर्तन दरबार
गुरुवार यानि आज की शाम 6 बजे से रात्रि 10:30 बजे तक बिशप मंडल में अमृतमयी कीर्तन दरबार सजेगा। 19 नवंबर की सुबह 8 बजे से 4 बजे तक दीवान सजेगा। दोनों ही कार्यक्रम में गुरु का लंगर जारी रहेगा। सभी गुरुद्वारों में दीवान सजाए जाएंगे एवं दीपमाला भी होगी। विभिन्न धार्मिक पुस्तकों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

नि:शुल्क मेडिकल कैंप और रक्तदान शिविर भी लगेगा
कार्यक्रम में नि:शुल्क मेडिकल कैंप के साथ रक्तदान शिविर भी लगेगा। जिसमें स्वेच्छा से संगत में शामिल श्रद्धालु रक्तदान कर सकेंगे। श्रद्धालुओं के आने-जाने के लिए नि:शुल्क बस सेवा संचालित की जाएगी। सिख रिलीफ फंड की ओर से बच्चियों के विवाह, बच्चों की पढ़ाई, बेसहारा सिख विधवाओं को मासिक पेंशन और प्राकृतिक व अप्राकृतिक आपदा के शिकार सिख परिवारों की सहायता भी दी जाएगी।

प्रकाशोत्सव धूमधाम से मनाने के लिए सिख समाज उत्साहित: सतवंत
सिख समाज सेवा सोसाइटी अध्यक्ष सतवंत सिंघ चड्डा ने बताया कि सेंट्रल गुरु पूरब कमेटी के विवाद की वजह से कुछ दिन पहले तक दो कमेटियां बनने से कार्यक्रम कराने को लेकर भी संशय बना था, लेकिन सही समय पर विवाद समाप्त हो गया। नई कमेटी गठित होने के बाद सिख समाज के लोग श्री गुरनानक देव के प्रकाशोत्सव को धूमधाम से मनाने के लिए काफी उत्साहित हैं।

भंग हुई दोनों कमेटियों के पदाधिकारी मिलकर कार्यक्रम में सहयोग कर रहे हैं। पहले चार रागी जत्थे कार्यक्रम में रहते थे। इस बार छह-सात रागी जत्थे बुलाए गए हैं। बुधवार देर शाम तक जत्थे पहुंच गए। उन्हें होटल में रुकवाया गया है।

संबंधित समाचार