मुरादाबाद : इनाम के लालच में लुट गई महिला, ठगों ने लगाया 27 हजार का चूना
मुरादाबाद, अमृत विचार। लाखों का इनाम मिलने के लालच में साइबर ठगों ने महिला को हजारों का चूना लगा दिया। साइबर ठगों ने दोबारा फोन करके महिला से 16 हजार रुपये और ठगने का प्रयास किया मगर सफल नहीं हो सके। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी ने साइबर सेल को मुकदमा दर्ज करने का निर्देश …
मुरादाबाद, अमृत विचार। लाखों का इनाम मिलने के लालच में साइबर ठगों ने महिला को हजारों का चूना लगा दिया। साइबर ठगों ने दोबारा फोन करके महिला से 16 हजार रुपये और ठगने का प्रयास किया मगर सफल नहीं हो सके। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी ने साइबर सेल को मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया है।
कटघर कोतवाली क्षेत्र के जयंतीपुर मंदिर वाली गली बर्फखाना के पास रहने वाली नुसरत ने बताया कि उसके पास एक कॉल आई, जिसमें दूसरी ओर से बताया गया कि उसका ढाई लाख रुपये का इनाम निकला है। इसे लेने के लिए उन्हें 27 हजार रुपये उनके खाते में डालने पड़ेंगे। इस पर महिला उनके झांसे में आ गई और ठगों द्वारा बताए खाते में 27 हजार रुपये डाल दिए।
मगर काफी समय बीतने के बाद भी इनाम की धनराशि का चेक नहीं आया। पीड़िता ने बताया कि इसके बाद उन्हें किसी दूसरे व्यक्ति ने फोन करके बताया कि उनके नाम का तीन लाख 25 हजार रुपये का चेक कटा रखा है। यह उनकी इनाम की धनराशि का चेक है। तब पीड़िता ने कहा कि मैं तो पहले भी 27 हजार रुपये पहले भी खाते में डाल चुकी हूं, लेकिन अब तक चेक नहीं आया।
तब उसने कहा कि हमें उसके बारे में कुछ नहीं पता। आप हमारे खाते में 16 हजार रुपये डाल दीजिए। हम आपके साथ धोखाधड़ी नहीं करेंगे। उसने अपना नाम राजेश और पता बांद्रा मुंबई बताया। विश्वास जमाने के लिए यह भी कहा कि यदि आप चाहे तो यहां आकर भी चेक ले जा सकती हैं। तब महिला को धोखाधड़ी का अहसास हुआ और उसने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई।
