हरदोई: मौसम में हुआ बदलाव, विशेषज्ञों ने जताई बारिश की आशंका
हरदोई। जिले में मौसम के बदलाव से ठंडक में तेजी आ गई है। यहां गुरुवार को पूरे दिन बादल छाए रहे। वहीं, मौसम विशेषज्ञों ने शुक्रवार को हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। कार्तिक पूर्णिमा के एक दिन पहले मौसम ने करवट बदल ली है। गुरुवार को पूरे दिन सूर्य बादल से ढके रहे …
हरदोई। जिले में मौसम के बदलाव से ठंडक में तेजी आ गई है। यहां गुरुवार को पूरे दिन बादल छाए रहे। वहीं, मौसम विशेषज्ञों ने शुक्रवार को हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। कार्तिक पूर्णिमा के एक दिन पहले मौसम ने करवट बदल ली है। गुरुवार को पूरे दिन सूर्य बादल से ढके रहे और हवाओं के चलने से पारा भी गिर गया।
मौसम वैद्यशाला प्रभारी ने शुक्रवार को हल्की बूंदाबांदी होने की आशंका जताई है। मौसम में बदलाव आने से उन किसानों के चेहरे पर मुस्कान आई है, जिन्होंने रबी की बुवाई कर दी है। वहीं, उन किसानों के लिए यह स्थिति चिंताजनक हो सकती है। जिनके खेतों में आलू की फसल तैयार है। मौसम के बदलाव के साथ ही सर्दी ने भी दस्तक दे दी है। कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए अनेक घाटों पर पहुंचे भक्तों को भी ठंड का प्रकोप झेलना पड़ सकता है।
गंगा स्नान के लिए निकल पड़े श्रद्धालु…
कार्तिक पूर्णिमा स्नान की तैयारियों के साथ ही श्रद्धालुओं ने स्नान के लिए निकलना प्रारंभ कर दिया है। गुरुवार को जिले के विभिन्न स्थानों से लोग गंगा के तटों पर स्नान के लिए पहुंचने लगे कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर विभिन्न घाटों पर लगने वाले मेलों का आनंद लेने के लिए लोग गुरुवार सुबह से ही गंतव्य की ओर निकल पड़े। वहीं, हरदोई के बेरिया घाट, राजघाट सहित विभिन्न गंगा तटों पर कार्तिक पूर्णिमा मेले का आयोजन किया जाता है। शासन की ओर से बेरिया घाट के मेले को राजकीय मेला घोषित किया गया है। इस बार वहां पर विभिन्न कार्यक्रमों के साथ हरियाणवी डांसर सपना चौधरी के आने की भी तैयारियां चल रही हैं। लेकिन इस बीच उनका वारंट हो जाने से कार्यक्रम को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं ।
पढ़ें: योगी सरकार ने गांवों की तस्वीर बदलने का बेमिसाल काम कर दिखाया: सेवता विधायक
शुक्रवार को होने वाले गंगा स्नान के लिए लोग गुरुवार को ही घरों से निकल पड़े कार्तिक मेले में तमाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है। जिले के दूर-दूर से लोग इन मेलों में जाकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद उठाते हैं । वहीं, मेले में खरीददारी करते हैं। कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर रातभर इन घाटों पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होता है। इसके अलावा मेलों का भी लोग आनंद उठाते हैं। गंगा स्नान के लिए कई गांव से ट्रैक्टर ट्राली अपने निजी संसाधनों से लोग तटों पर पहुंचने लगे। जिला प्रशासन ने गंगा स्नान पर शांति बनाए रखने के लिए तथा सुरक्षित स्नान के लिए तमाम प्रबंध किए हैं। राजस्व विभाग व पुलिस की टीमें मौके पर लगा दी गई हैं। यातायात की व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए जगह-जगह पार्किंग व ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था की गई है। जिला मुख्यालय से राजघाट मेले के लिए स्पेशल बसों का संचालन किया जाता है ।कार्तिक पूर्णिमा पर शांतिपूर्ण व सुरक्षित स्नान कराने के लिए प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए हैं।
