अयोध्या: कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालुओं ने सरयू में लगाई डुबकी
अयोध्या। कार्तिक पूर्णिमा पर अयोध्या में 10 लाख से भी अधिक श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में स्नान किया। गुप्तारघाट व नयाघाट सहित अन्य घाटों पर हर उम्र के लोगों की भारी भीड़ देखी गई। इसके बाद सरयू आस्थावान श्रद्धालुओं ने अपने आराध्य प्रभु श्रीराम व हनुमानजी का दर्शन-पूजन कर मंगल की कामना की व अपने सामर्थ्य …
अयोध्या। कार्तिक पूर्णिमा पर अयोध्या में 10 लाख से भी अधिक श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में स्नान किया। गुप्तारघाट व नयाघाट सहित अन्य घाटों पर हर उम्र के लोगों की भारी भीड़ देखी गई। इसके बाद सरयू आस्थावान श्रद्धालुओं ने अपने आराध्य प्रभु श्रीराम व हनुमानजी का दर्शन-पूजन कर मंगल की कामना की व अपने सामर्थ्य के अनुसार दान भी दिया।
स्नान के साथ ही कार्तिक पूर्णिमा मेले का भी समापन हो गया। पूरे मेले व दो दिन चले स्नान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। आईजी व एसएसपी ने खुद मोर्चा संभाले रखा था। वहीं, शनिवार को भोर में ही श्रद्धालु सरयू नदी के घाटों की तरफ जाते दिखाई दिए। सुबह पांच बजे तक अयोध्या के सभी घाट श्रद्धालुओं से खचाखच भर गए। नहान दोपहर 12 बजे तक चलता रहा, जिसमें स्थानीय लोगों के अलावा अन्य जनपदों के भी लोग पहुंचे थे।
पढ़ें: लखनऊ में आज से तीन दिवसीय 56वां डीजीपी सम्मेलन, गृह मंत्री अमित शाह पहुंचे
स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने अपने सामर्थ्य के अनुसार दान भी दिया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन पवित्र नदी में स्नान करने से व्यक्ति को पापों से मुक्ति मिल जाती है। मान्यता है कि इस दिन स्वर्ग से देवतागण भी आकर गंगा में स्नान करते हैं। इसलिए कार्तिक पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान जरूर करना चाहिए। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार 10 लाख से भी ज्यादा श्रद्धालुओं ने पतित पावनी सरयू नदी में पुण्य की डुबकी लगाई। मेला दिनभर चला। लोगों ने जमकर खरीदारी भी की।

पुलिस महानिरीक्षक केपी सिंह श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत स्नान घाटों पर निरीक्षण करते दिखे। नागेश्वरनाथ मंदिर, राम की पैड़ी, नयाघाट व अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भ्रमणशील रहकर विभिन्न ड्यूटी पॉइंट्स को चेक भी किया। वहीं एसएसपी शैलेश पांडे भी नजर बनाए हुए थे।
गोसाईगंज में भी उमड़ा श्रद्धालुओं का रेला
गोसाईगंज प्रतिनिधि के अनुसार श्रृंगीऋषि आश्रम स्थित सरयू तट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पडा। जय श्री राम के उद्घोष के साथ श्रद्धालुओं नले सरयू में डुबकी लगाई। यहां सरयू में स्नान के बाद श्रृंगीऋषि की गुफा, मां शांता देवी की गुफा और राम जानकी मंदिर, राधाकृष्ण मंदिर, शिव मंदिर, हनुमान मंदिर व दुर्गा मंदिर समेत कई मंदिरों में दर्शन किया। राम जानकी मंदिर के महंत बाबा जगदीश दास, श्रृंगीऋषि आश्रम के पुजारी महेंद्र गिरि व बाबा रामप्यारे दास आदि ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन इस स्थान पर स्नान करना काफी पुण्यकारी माना जाता है।
