बरेली: प्रेम विवाह से नाराज ससुरालियों ने घर में घुसकर की मारपीट
बरेली, अमृत विचार। बेटी के प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने शादी के तीन साल बाद अचानक पति के घर में घुसकर उससे मारपीट शुरू कर दी। युवक जब मामले की शिकायत लेकर सुभाषनगर थाने पहुंचा तो स्थानीय पुलिस ने मामला अनसुना कर दिया। पत्नी के परिजनों से जान-माल का खतरा जताते हुए पीड़ित ने …
बरेली, अमृत विचार। बेटी के प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने शादी के तीन साल बाद अचानक पति के घर में घुसकर उससे मारपीट शुरू कर दी। युवक जब मामले की शिकायत लेकर सुभाषनगर थाने पहुंचा तो स्थानीय पुलिस ने मामला अनसुना कर दिया। पत्नी के परिजनों से जान-माल का खतरा जताते हुए पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय में मामले की शिकायत की है।
सुभाषनगर थाना क्षेत्र के गणेशनगर स्थित टीचर्स कॉलोनी निवासी अनुज मिश्रा निजी कंपनी में कार्यरत हैं। तीन साल पहले 27 जून 2018 को प्रयागराज हाईकोर्ट में पड़ोस की ही रहने वाली युवती मनोरमा से प्रेम-विवाह किया था। शादी के बाद से ही उसके ससुराल पक्ष के लोग रंजिश मान रहे हैं। 18 नवंबर की देर शाम करीब 8:30 बजे पत्नी का भाई उनके घर के पास तमंचा लहराते घूम रहा था, जिसका विरोध कर उन्होंने अपने ससुर को फोन कर दिया।
आरोप है कि इसके कुछ ही देर बाद पत्नी के पिता, भाई और चाचा उनके घर घुस आए। सभी तमंचा व धारदार हथियारों से लैस थे। उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह उनकी पत्नी ने बीच-बचाव कर पति को बचाया। इसी दौरान उन्होंने मौका मिलते ही यूपी 112 पर फोन कर पुलिस को बुला लिया। पुलिसकर्मियों को आता देख पति के परिजन धमकी देते हुए फरार हो गए। वहीं जब पीड़ित प्रेमी युगल ने मामले की शिकायत सुभाषनगर पुलिस से की लेकिन स्थानीय पुलिस ने अनसुना कर दिया।
इसके बाद प्रेमी युगल एसएसपी कार्यालय पहुंचा और प्रेमिका के परिजनों से जान-माल का खतरा जताते हुए शिकायत की। युवक के मुताबिक पिछले तीन सालों में उसके ससुराल पक्ष के लोग कई बार जानलेवा हमला कर चुके हैं, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से कई बार की। बावजूद पुलिस किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की है।
