बरेली: दिसंबर नहीं अब मार्च तक पूरा होगा लाल फाटक पुल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। मुरादाबाद रेल मंडल प्रबंधक अजय नंदन लाल फाटक रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण की गति देखने शनिवार को मौके पर पहुंचे। इससे पहले डीआरएम स्पेशल बरेली जंक्शन पहुंची। यहां से सीधा वह बरेली कैंट स्टेशन पहुंचे जहां से मेन लाइन और ब्रांच लाइन का निरीक्षण किया। काफी देर तक उन्होंने व्यापारियों की …

बरेली, अमृत विचार। मुरादाबाद रेल मंडल प्रबंधक अजय नंदन लाल फाटक रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण की गति देखने शनिवार को मौके पर पहुंचे। इससे पहले डीआरएम स्पेशल बरेली जंक्शन पहुंची। यहां से सीधा वह बरेली कैंट स्टेशन पहुंचे जहां से मेन लाइन और ब्रांच लाइन का निरीक्षण किया। काफी देर तक उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं को भी सुना। उनके साथ रेलवे के दूसरे अधिकारी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को तेज गति और पूरी गुणवत्ता के साथ काम करने के निर्देश दिए। लाल फाटक ओवरब्रिज का निर्माण देखने के बाद वह चनहेटी माल गोदाम पहुंचे। यहां व्यापारियों की समस्याओं को जल्द दूर किये जाने की बात कही। उन्होंने बताया कि मालगोदाम को पीपीपी मॉडल पर विकसित किया जाना है। जिसके लिए टेंडर जारी किया जा चुका है।

इसके बाद वह बरेली जंक्शन स्थित गेस्टहाउस पहुंचे। बता दें कि पहले दिसंबर के अंत तक रेलवे ने अपने हिस्से का काम पूरा करने की डेड लाइन दी थी लेकिन गेस्ट हाउस पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मार्च में काम पूरा हो पाएगा। कार्य धीमी गति से होने के सवाल पर डीआरएम ने कहा कि ब्रिज निर्माण के साथ जो गांव पड़ते हैं उनके लिए भी रास्ता बनाना है।

लिहाजा पुल के फाउंडेशन के साथ सबवे निर्माण का कार्य भी चल रहा है। मेन लाइन और ब्रांच लाइन को यह ब्रिज पार कर रहा है इसलिए इसकी लंबाई भी अधिक है। सिर्फ एक खंबे को छोड़कर सभी की पाइलिंग का काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा उन्होंने जंक्शन पर बिसलेरी आदि की लदान और बिक्री किये जाने के लिए भी चर्चा की।

भाजपा सांसद ने जाम की समस्या से कराया अवगत
निरीक्षण के दौरान आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप भी मौके पर मौजूद रहे। सांसद ने डीआरएम से कहा कि दिसंबर आने को है। जबकि रेलवे अधिकारियों ने दिसंबर में काम पूरा करने की बात कही थी। सांसद ने डीआरएम से कहा कि लाल फाटक ओवरब्रिज का निर्माण जल्द पूरा कराएं।

सांसद के मीडिया प्रभारी राहुल कश्यप ने बताया कि सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने डीआरएम को जाम की समस्या से अवगत कराया। रूट डायवर्जन की वजह से अभयपुर के आसपास की कॉलोनी वालों को चार पहिया वाहन निकाल पाना मुश्किल हो गया है। सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने कहा कि सेतु निगम की ओर से निर्माण कार्य करीब 15 प्रतिशत बचा है। डीआरएम ने भी सांसद धर्मेन्द्र कश्यप को रेलवे के हिस्से का काम जल्द पूरा करने का भरोसा दिलाया।

संबंधित समाचार