बरेली: नौकरी के नाम पर 11.50 लाख की रकम लेकर लोन एजेंट फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। आयकर विभाग में नौकरी के नाम पर एक जालसाज ने एक युवती से लाखों की रकम ऐंठ ली। इसके साथ ही युवती के परिचितों से भी निजी कंपनी में नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों की ठगी करके फरार हो गया। नौकरी न लगने पर युवती द्वारा रुपये वापस मांगने पर जालसाज …

बरेली, अमृत विचार। आयकर विभाग में नौकरी के नाम पर एक जालसाज ने एक युवती से लाखों की रकम ऐंठ ली। इसके साथ ही युवती के परिचितों से भी निजी कंपनी में नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों की ठगी करके फरार हो गया। नौकरी न लगने पर युवती द्वारा रुपये वापस मांगने पर जालसाज ने धमकी दे दी। स्थानीय पुलिस से मदद न मिलने के बाद युवती ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत करते हुए रकम वापस दिलाने व ठग के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

हाफिजगंज थाना क्षेत्र के रिठौरा की रहने वाली राहेमीन ने इसी वर्ष अपनी परास्नातक की पढ़ाई पूरी की है। उनके पिता मजदूरी करते हैं, पिता के सिर से खर्चे का बोझ कम करने के लिए राहेमीन पढ़ाई के साथ-साथ पिछले कई सालों से निजी क्षेत्र में नौकरी कर रही हैं। उसने बताया कि साल 2017 में नौकरी के दौरान उनकी मुलाकात एक लोन ऐजेंट से हुई थी। स्नातक के बाद एमबीए करने की इच्छा के चलते उन्होंने शिक्षा लोन के लिए आवेदन किया था, जिसे पास कराने के लिए लोन एजेंट ने उनसे 40 हजार रुपये लिए थे लेकिन लोन पास न होने पर रकम वापस कर दी थी।

इसके बाद जनवरी 2021 में उनकी मुलाकात दोबारा जालसाज से हुई, जिसके बाद जालसाज ने उन्हें आयकर विभाग में मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया। पिता की जमा पूंजी के करीब 2.50 लाख समेत अपनी बचत और कई लोगों से कर्ज पर रकम लेकर युवती ने अच्छे भविष्य की इच्छा में धनराशि लोन ऐजेंट को सौंप दी।

कुछ दिन बाद जालसाज ने भर्ती न खुलने की बात कहते हुए निजी क्षेत्र व सरकारी विभाग में संविदा पर नौकरी दिलवाने की बात कही लेकिन इसके लिए अन्य लोगों के होने की शर्त रखी, जिस पर युवती ने अपने परिचितों से बात की तो करीब 6 लोग रोजगार मिलने की बात पर रुपये देने को तैयार हुए और करीब 4.50 लाख रुपये युवती के परिचितों से भी जालसाज ने ठग लिए।

आरोप है कि काफी दिनों तक नौकरी का पता न चलने पर जब युवती ने लोन एजेंट से संपर्क किया तो उसने रुपये वापस करने से इनकार करते हुए पुलिस से शिकायत पर मारने की धमकी दे दी। इसके बाद युवती ने स्थानीय पुलिस से शिकायत की लेकिन न तो कोई सुनवाई हुई और न ही कार्रवाई। मदद न मिलने पर युवती ने आईजी व एडीजी से भी मामले की शिकायत की लेकिन वहां भी मामला आया-गया हो गया। शनिवार को न्याय की उम्मीद से युवती एक बार फिर एसएसपी कार्यालय पहुंची और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए रुपये वापस दिलाने की मांग की।

दरोगा से भी लोन के नाम पर कर चुका है लाखों की ठगी
जानकारी के मुताबिक बताया जा रहा है कि लोन एजेंट ने कुछ माह पहले फरीदरपुर थाना क्षेत्र में एक दरोगा से भी लोन पास कराने के नाम पर लाखों रुपये लिए थे। रकम मिलने के बाद न ही लोन पास हुआ और न ही लोन ऐजेंट का कुछ पता चला। ठगी के कुछ माह बाद फतेहगंज में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।

संबंधित समाचार