पाकिस्तान की इबादतगाहों में होते हैं बम धमाके : नकवी
रामपुर, अमृत विचार। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि पाकिस्तान में इबादतगाहों में बम धमाके होते हैं। जहां हजारों बेगुनाहों के खून बहते हों। वह भारत को अल्पसंख्यकों के अधिकारों का ज्ञान नहीं दे। कहा कि भारत के कुछ सियासी दल पाकिस्तान के सुर में सुर मिलाने की सनक कर रहे …
रामपुर, अमृत विचार। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि पाकिस्तान में इबादतगाहों में बम धमाके होते हैं। जहां हजारों बेगुनाहों के खून बहते हों। वह भारत को अल्पसंख्यकों के अधिकारों का ज्ञान नहीं दे। कहा कि भारत के कुछ सियासी दल पाकिस्तान के सुर में सुर मिलाने की सनक कर रहे हैं।
हाइवे स्थित एक होटल में रविवार की पूर्वाह्न में हुई पत्रकार वार्ता में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी और योगी की सरकार में कट, कमीशन, करप्शन की विरासत,दंगों और दबंगों की सियासत पर विराम लग गया है। कुछ लोगों का फिर से नागरिकता कानून वापस लेने और 370 बहाल करने का सांप्रदायिक विलाप शुरु हो गया है। कहा कि नागरिकता कानून किसी की नागरिकता छीनने के लिए नहीं बल्कि पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बांग्लादेश के पीड़ित-प्रताड़ित हिंदुओं और अल्पसंख्यकों को नागरिकता देने का कानून है।
केंद्रीय मंत्री ने आश्चर्चय जताते हुए कहा कि पाकिस्तान भारत को अल्पसंख्यकों के अधिकारों का ज्ञान दे रहा है। उससे भी ज्यादा विडम्बना की बात है कि भारत के कुछ सियासी दल पाकिस्तान के सुर में सुर मिलाने की सनक में लगकर हिंदुस्तान की समावेशी संस्कृति के खिलाफ साजिश में शामिल होने की कोशिश कर रहे हैं। कहा कि पाकिस्तान जो अल्पसंख्यकों के अधिकारों के जुल्म और जुर्म का जंगल है। बंटवारे के समय पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों की आबादी 24 प्रतिशत से घटकर दो प्रतिशत से कम हो गई है।
पाकिस्तान में हजारों धार्मिक स्थल तबाह कर दिए गए। वह उस भारत को ज्ञान दे रहा है जहां तीन लाख से ज्यादा मस्जिदें उतने ही अन्य धार्मिक स्थल और लाखों चर्च और अल्पसंख्यकों के धार्मिक स्थल हैं। पाकिस्तान में इबादतगाहों में बम धमाके होते हैं जहां हजारों बेगुनाह लोगों का खून बहता हो वह भारत के अलपसंख्यकों के नाम पर घड़ियाली आंसू बहाने का नाटक कर रहा है। कहा कि हिंदुत्व पर सवाल करने वाले हिंदुस्तान की संस्कृति, संस्कार को बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं।
हिंदुत्व का संस्कार-संस्कृति ही पंथनिरपेक्षता का संकल्प है। जो हिंदुत्व वसुधैव कुटुम्बकम और सर्वधर्म संभाव के संकल्प से भरपूर हो उस पर कोई जाहिल जिहादी ही हमला कर सकता है। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने हाइवे स्थित भारत गार्डन पर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 225 जोड़ों के विवाह कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया और नव दंपतियों को आशीर्वाद देकर उज्जवल भविष्य की कामना की।
