बरेली: गन्ने की ट्राली पलटने से लगा जाम, लोग परेशान
फतेहगंज पूर्वी, अमृत विचार। बरेली- शाहजहांपुर रोड पर आए दिन जाम की स्थिति बनती रहती है। अधिकांश समय जाम रेलवे क्रासिंग पर फाटक बंद होने के चलते लगता है। वहीं रविवार को इस रोड पर कई जगह ओवरलोड गन्ना से भरी ट्रालियां पलट गईं। ऐसे में जाम के हालात बन गए। फतेहगंज पूर्वी से कटरा …
फतेहगंज पूर्वी, अमृत विचार। बरेली- शाहजहांपुर रोड पर आए दिन जाम की स्थिति बनती रहती है। अधिकांश समय जाम रेलवे क्रासिंग पर फाटक बंद होने के चलते लगता है। वहीं रविवार को इस रोड पर कई जगह ओवरलोड गन्ना से भरी ट्रालियां पलट गईं। ऐसे में जाम के हालात बन गए। फतेहगंज पूर्वी से कटरा और टिसुआ की ओर वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गईं। जाम में कई वीआईपी गाड़ियों के साथ साथ एंबुलेंस भी फंस गईं।
शनिवार रात को जाम कुछ देर के लिए खुला, लेकिन रविवार तड़के गन्ना की ट्रालियां रोड पर पलट गईं। ऐसे में जाम बेकाबू हो गया। फतेहगंज पूर्वी से कटरा और टिसुआ की ओर कई किमी लंबी वाहनों की लाइन लग गई। जाम से निकलने के लिए लोगों को घंटों जूझना पड़ा। ऐसे में लोगों को काफी समस्या हुई। सबसे अधिक समस्या रोगियों और बच्चों को हुई।
पुलिस पूरे दिन वाहनों को निकलवाने का जतन करती रही, लेकिन जाम नहीं खुल सका। इसके बाद क्रेन मंगवाकर ट्रालियों को हटवाकर सड़क से अलग किया गया। तब वाहनों के रेंगने का सिलसिला शुरू हुआ, लेकिन हुलासनगरा रेलवे क्रासिंग पर फाटक बंद होते ही दोबारा जाम के हालात बन गए। ऐसे में काफी समस्या हुई।
जैतीपुर-तिलहर-कटरा रोड भी उखड़ा
जाम लगने के कारण यहां अक्सर रूट डायवर्ट कर दिया जाता है। ऐसे में वाहन फरीदपुर, शिवपुरी रधोली होते हुए जैतीपुर, कटरा और तिलहर को निकलते हैं। वाहनों का अधिक दबाव बनने के कारण यहा रोड भी पूरी तरह जर्जर हो चुका है। ऐसे में इस रोड पर भी आए दिन जाम के हालत बनते रहते हैं। जैतीपुर तिलहर रोड गड्ढों में बदल चुका है।
बीमारी परोस रहा जाम
हुलासनगरा के लोगों का कहना है कि इस रोड पर जाम लगने के बाद जब जाम खुलता है तो धूल के गुबार उड़ते हैं। ऐसे में दमा और सांस का रोग होने की संभावना बन जाती है। गांव के कई लोग इस कारण दमा के रोगी बन गए हैं। लोगों ने बताया कि सड़क के आसपास रहने वाले लोगों को सबसे अधिक समस्या होती है। लोगों ने मांग की है कि यहां पानी का छिड़काव करा दिए जाए जिससे धूल के गुबार न उठें।
