बरेली: दुर्लभ वन्य जीवों से पिता-पुत्र बना रहे थे मर्दाना ताकत का तेल, पकड़े गए
बरेली, अमृत विचार। झोलाछाप हकीम भोलेभाले लोगों को ठगने के लिए दवाई के नाम पर वन्य जीवों से क्रूरता कर रहे हैं। रविवार को ऐसी ही मामला रामगंगा चौबारी मेले में सामने आया। मर्दाना ताकत का तेल बनाने के नाम पर वन्य जीवों के साथ क्रूरता की जा रही थी। सूचना मिलने के बाद वन …
बरेली, अमृत विचार। झोलाछाप हकीम भोलेभाले लोगों को ठगने के लिए दवाई के नाम पर वन्य जीवों से क्रूरता कर रहे हैं। रविवार को ऐसी ही मामला रामगंगा चौबारी मेले में सामने आया। मर्दाना ताकत का तेल बनाने के नाम पर वन्य जीवों के साथ क्रूरता की जा रही थी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर पिता व उसके नाबालिग पुत्र को पकड़ लिया।
सदर वन रेंजर वैभव चौधरी ने बताया कि चौबारी में गंगा स्नान के लिए आए एक व्यक्ति ने पीएफए के रेस्क्यू हेड को दुर्लभ वन्य जीवों के साथ क्रूरता होने की सूचना दी थी। बताया कि आरोपी दुर्लभ वन्य जीवों को उबालकर उनका तेल निकालते हैं। इस पर वन विभाग और कैंट थाना पुलिस समेत पीएफए ने रविवार को संयुक्त रूप से मौके पर पहुंची जहां कटघर, मुरादाबाद निवासी चरन सिंह पुत्र राम किशन व उसके नाबालिग पुत्र के पास से करीब 14 दुर्लभ प्रजाति की छिपकलियों को बरामद किया गया जो मरणासन्न हालत में थीं। प्रतिबंधित वन्य जीवों के साथ क्रूरता के सारी हदें पार की गईं थीं।
अधिकारियों की माने तो इन दुर्लभ वन्य जीवों को गर्म पानी में उबाला गया था। इनका तेल निकालकर मर्दाना ताकत के नाम पर लोगों को बेचने के लिए रखा गया था। पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर कैंट थाने में लाया गया। पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ वन विभाग द्वारा वन्य जीव अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। कार्रवाई के दौरान कैंट पुलिस पीएफए के रेस्क्यू हेड धीरज पाठक और सिटी रेस्क्यू हेड विक्रांत समेत सदर वन रेंजर मौके पर मौजूद रहे।
