प्रयागराज में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी, निकाला मार्च
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई पर नियंत्रण पाने में विफल केंद्र और प्रदेश सरकार के वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए गले में सब्जियों की माला पहनकर व खाली सिलेंडर लेकर नारेबाजी करते हुए मार्च निकाला। प्रयागराज कांग्रेस कार्यकर्ता बुधवार को बहुगुणा मार्केट चौराहा स्थित इंदिरा गांधी प्रतिमा के पास बड़ी …
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई पर नियंत्रण पाने में विफल केंद्र और प्रदेश सरकार के वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए गले में सब्जियों की माला पहनकर व खाली सिलेंडर लेकर नारेबाजी करते हुए मार्च निकाला। प्रयागराज कांग्रेस कार्यकर्ता बुधवार को बहुगुणा मार्केट चौराहा स्थित इंदिरा गांधी प्रतिमा के पास बड़ी संख्या में एकत्रित हुए।
इसके बाद केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। महंगाई के खिलाफ पदयात्रा निकाल रहे कांग्रेसियों का नेतृत्व कर रहे प्रदेश महासचिव मुकुन्द तिवारी ने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोत्तरी से लोगों के घरों का बजट बिगड़ गया है। लेकिन केंद्र और सूबे की सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ा है। आम लोग बेहाल हैं, लेकिन सरकार कान में तेल डालकर बैठी है। उन्होंने कहा कि, बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने 14 से 24 नवंबर तक प्रदेशव्यापी प्रतिज्ञा पदयात्रा करने का अह्वान किया था।
पढ़ें: महंगाई के खिलाफ झांसी में कांग्रेस का प्रदर्शन, लोगों को बांटे आलू-टमाटर
इसके साथ ही गंगापार जिलाध्यक्ष सुरेश यादव ने कहा कि महंगाई से जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। इस तरफ न तो प्रदेश सरकार और नहीं केन्द्र सरकार ध्यान दे रही है। मंडियों से बिचौलिए किसानों से सब्जियों को कौड़ी के मोल खरीद कर बाजारों में महंगे दामों पर बिक्रीकर बड़ा मुनाफा कमा रहे हैं।
हसीब अहमद ने टमाटर और मिर्च का माला पहनकर सरकार पर आरोप लगाया कि पेट्रोल का दाम सौ का आंकडा पार कर चुका है। साथ ही सरसों का तेल अब तक के सबसे अधिक मूल्य को लांघ चुका है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार महंगाई पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हुई है। इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सरकार के विरोध में पदयात्रा निकालना पड़ रहा है।
