बरेली: मां का फर्जी नाम बताकर बेचा घर, रकम लेकर नहीं किया बैनामा
बरेली, अमृत विचार। मां का फर्जी नाम बताकर घर वालों ने पहले घर का सौदा किया और फिर एग्रीमेंट के समय लाखों की रकम हड़प ली। सच्चाई पता लगने पर पीड़ित ने कैंट पुलिस से शिकायत की। कैंट पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। कैंट थाना क्षेत्र के चनेहटा निवासी …
बरेली, अमृत विचार। मां का फर्जी नाम बताकर घर वालों ने पहले घर का सौदा किया और फिर एग्रीमेंट के समय लाखों की रकम हड़प ली। सच्चाई पता लगने पर पीड़ित ने कैंट पुलिस से शिकायत की। कैंट पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
कैंट थाना क्षेत्र के चनेहटा निवासी प्रहलाद ने बताया कि करीब दो साल पहले उनकी जान-पहचान कोतवाली थाना क्षेत्र के बिहारीपुर कहरवान निवासी छन्नू हुसैन से हुई थी।
कुछ समय पहले छन्नू ने उन्हें अपना घर दिखाते हुए बेचने की बात कही और बिकवाने में मदद मांगी। घर सही लगने पर प्रहलाद ने उनसे कीमत और कागजात सही होने पर खुद ही घर खरीदने की हामी भर दी। बताया कि उस समय छन्नू के घर में उनके परिजन भी रह रहे थे। परिजनों से बातचीत करने पर उन्होंने अपनी मां का फर्जी नाम चंदा बी बताकर छन्नू को ही घर का मालिक बताया। घर का सौदा तय हो गया। एग्रीमेंट के समय प्रहलाद ने 2.50 लाख रुपये छन्नू के खाते में ट्रांसफर कर दिए और 50 हजार रुपये नकद दिए।
आरोप है कि धनराशि लेने के बाद काफी समय तक आरोपी बैनामा कराने को लेकर टालमटोल करते रहे। कुछ दिन बाद ही प्रहलाद को छन्नू की मां जीवित होने और उनका असली नाम जुवैदा बेगम होने की बात पता चली। इसके बाद पीड़ित ने जब आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की तो उनका कुछ पता ही नहीं चला।
प्रहलाद ने गिरोह बनाकर आरोपियों द्वारा लाखों की धोखाधड़ी करने की शिकायत कैंट पुलिस से की। कैंट पुलिस ने आरोपी छन्नू हुसैन, शगुफ्ता यासमीन, मुनाजिर हुसैन, रूबी, पप्पू बेल्डर, तालिब हुसैन व शकील हुसैन के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
