हल्द्वानी: मनमानी की नुमाइश को नगर निगम का नोटिस
हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम को करतब शो की जानकारी दिए बगैर प्रदर्शनी चालू करने की कोशिश में जुटे आयोजक को गुमराह करना भारी पड़ सकता है। अमृत विचार की पड़ताल में खुलासा होने के बाद नगर निगम ने इसे संज्ञान में लिया है। आयोजक को नोटिस जारी कर नुमाइश में किसी भी प्रकार के …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम को करतब शो की जानकारी दिए बगैर प्रदर्शनी चालू करने की कोशिश में जुटे आयोजक को गुमराह करना भारी पड़ सकता है। अमृत विचार की पड़ताल में खुलासा होने के बाद नगर निगम ने इसे संज्ञान में लिया है। आयोजक को नोटिस जारी कर नुमाइश में किसी भी प्रकार के शो की जानकारी से लेकर दुकानों और नुमाइश स्थल के क्षेत्रफल की जानकारी मांगी गई है। रिपोर्ट में दी गई जानकारी के बाद जांच में यदि कोई कमी पाई जाती है तो नुमाइश पर कार्रवाई करते हुए उसे बंद भी कराया जा सकता है।
एमबी इंटर कालेज के सामने मैदान में लगाई गई प्रदर्शनी लगातार विवादों में घिरती जा रही है। एनओसी की आधी-अधूरी तैयारियों के साथ प्रदर्शनी लगानी शुरू की गई थी। कुछ विभागों से अनुमति नहीं मिलने के बावजूद प्रदर्शनी को बुधवार की शाम से चालू कर दिया गया। इसमें नगर निगम से बुधवार तक भी नुमाश शुरू करने की अनुमति नहीं दी गई थी।
इसका बड़ा कारण आयोजक द्वारा कर व शुल्क जमा नहीं करना था। परीक्षाओं के बीच शुरू हुए नुमाइश के शोर को लेकर लोगों की नाराजगी के चलते अमृत विचार ने जब पड़ताल की तो आयोजक द्वारा गुमराह करने की बात सामने आई। नगर निगम ने किसी भी प्रकार के शो न होने की बात कही थी। जबकि मौत का कुआं नाम पर करतब शो का आयोजन भी इस नुमाइश में हो रहा है। नियमों को धता बताते हुए आयोजक ने बुधवार को नुमाइश चालू की तो नगर निगम अधिकारियों ने सख्ती कर दी। नोटिस जारी कर आयोजक से प्रदर्शनी को लेकर पूरी डिटेल मांगी गई है। जो जानकारी दी जाएगी, जांच में उसमें कोई गलत पाई गई तो नुमाइश को लेकर बड़ी कार्रवाई भी हो सकती है।
ये मांगी गई है रिपोर्ट
1- नुमाइश स्थल का क्षेत्रफल
2- किस प्रकार के शो व उनकी संख्या
3- कितनी दुकानें लगी हैं
4- कितने व किस प्रकार के झूले लगे हैं
5- कचरे निस्तारण को लेकर व्यवस्था
दो दिन में तय किया जाएगा कुल शुल्क
1- नगर निगम जानकारी आने के बाद उसका निरीक्षण करेगी। सही पाए जाने पर दुकानों, झूलों, शो, कचरा और क्षेत्रफल के आधार पर कर व शुल्क तय करेगी। आयोजक को तय किए गए राजस्य को नियमानुसार समय पर जमा करना अनिवार्य होगा।
2-नुमाइश को लेकर अभी कोई अनुमति नहीं दी गई है। आयोजक को इसके लिए नोटिस जारी किया गया है। दुकानों, झूलों, क्षेत्रफल, कचरा निस्तारण और शो की जानकारी मांगी गई है। निरीक्षण कर मौके पर जांच की जाएगी। उसके बाद राजस्व तय किया जाएगा, जिसे उसे समय पर भरना होगा। – गौरव भसीन, सहायक नगर आयुक्त
