अयोध्या के व्यापारी 29 से करेंगे अनिश्चितकालीन बाजार बंदी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। जिले में प्रशासन से दुकान खाली करने का अल्टीमेटम मिलने के बाद व्यापारियों ने अनिश्चितकालीन बाजार बंदी का ऐलान कर दिया है। सड़क चौड़ीकरण के विरोध व रोजी-रोटी का संकट गहराता देख व्यापारियों ने सोमवार से बाजार बंद रखने का निर्णय लिया है। व्यापारियों ने कहा है कि अगर प्रशासन तीन दिन में हमारी …

अयोध्या। जिले में प्रशासन से दुकान खाली करने का अल्टीमेटम मिलने के बाद व्यापारियों ने अनिश्चितकालीन बाजार बंदी का ऐलान कर दिया है। सड़क चौड़ीकरण के विरोध व रोजी-रोटी का संकट गहराता देख व्यापारियों ने सोमवार से बाजार बंद रखने का निर्णय लिया है। व्यापारियों ने कहा है कि अगर प्रशासन तीन दिन में हमारी मांगें मान लेता है तो हम अपनी घोषणा वापस ले लेंगे।

अयोध्या नगर में सड़क चौड़ीकरण के विरोध में गुरुवार को अयोध्या के व्यापारियों ने राजद्वार हनुमानगढ़ी के पास बैठक की। इस दौरान सर्वसम्मति से 29 नवंबर से अनिश्चितकालीन बाजार बंदी का निर्णय लिया। शक्ति जायसवाल ने कहा शासन-प्रशासन ने हमें दुकान के बदले दुकान या दुकान के पीछे दुकान देने का वादा किया था, लेकिन बगैर स्थापित किए हम लोगों को उजाड़ रहा है। प्रशासन का अपने वादे से मुकरने के बाद रोजी-रोटी पर असर पड़ा है। प्रशासन से मांग करते हैं कि पहले हमें स्थापित किया जाए, उसके बाद विस्थापित करने का कार्य किया जाय। अमित मोदनवाल ने कहा कि सुंदरीकरण के नाम पर हम लोगों को जबरदस्ती उजाड़ा जा रहा है। जबकि शासन प्रशासन के पास अन्य बहुत सारे विकल्प मौजूद हैं।

पढ़ें: मायावती को बड़ा झटका, बसपा विधानमंडल दल के नेता शाह आलम ने पार्टी से दिया इस्तीफा

श्रवण पांडे ने कहा, प्रशासन का दो दिन में दुकानें खाली करने का अल्टीमेटम तानाशाही रवैया है। हम इसकी निंदा करते हैं। व्यापारी नेता रामचंद्र यादव ने कहा अनिश्चितकालीन बंदी ही हम लोगों के पास आखिरी विकल्प बचा यदि शासन प्रशासन 3 दिन में हमारी बात नहीं सुनेगा तो समस्त व्यापारी मजबूर होकर अनिश्चितकालीन बंद करने के लिए बाध्य होंगे। जिसकी सारी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। बैठक में रामनरेश जायसवाल ने कहा राम जन्मभूमि जाने के छह अन्य रास्ते हैं।

इस रास्ते को चालू करके हजारों व्यापारियों को उजड़ने से बचाया जा सकता। रामनारायण मौर्या ने कहा अफीम कोठी से ब्रह्म कुंड गुरुद्वारा होते हुए राजघाट तक सिक्स लेन बनाकर भीड़ को बांटा जा सकता है। जिससे व्यवस्था सुदृढ़ होने के साथ ही हजारों की रोजी रोटी भी बच जाएगी। अनुपम मिश्रा ने कहा शहर में पार्किंग की उचित व्यवस्था जाम से निजात दिला सकती है। प्रशासन से मांग है कि जगह-जगह पर पार्किंग की व्यवस्था कराई जाए, जिससे जाम से निजात मिले। बैठक में प्रमुख रूप से नन्द कुमार गुप्ता, रवि गुप्ता, मनोज गुप्ता, मणि शंकर सिंह, गौरव गुप्ता, विनीत गुप्ता अजय गुप्ता व रविंद्र गुप्ता सहित कई व्यापारी मौजूद थे।

संबंधित समाचार