संभल : खंती में मिला लापता युवती का शव, प्रेमी पर हत्या का आरोप
संभल, अमृत विचार। करीब छह माह पहले घर से गायब हुई युवती का शव रजपुरा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खंदक में पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। आननफानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती के परिजनों ने प्रेमी पर हत्या कर …
संभल, अमृत विचार। करीब छह माह पहले घर से गायब हुई युवती का शव रजपुरा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खंदक में पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। आननफानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती के परिजनों ने प्रेमी पर हत्या कर शव खंदक में फेंकने का आरोप लगाया है।
गुरुवार को रजपुरा क्षेत्र के बबराला-गवां मार्ग पर मैहुआ हसनगंज गांव के समीप ग्रामीणों ने सड़क किनारे खंदक में युवती का शव पड़ा देखा। इस पर उन्होंने तत्काल संबंधित थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना रजपुरा के प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। युवती के सिर के अलावा शरीर के अन्य स्थानों पर भी चोट के निशान थे।
घटना स्थल के पास ही पुलिस को एक बैग भी मिला, जिसमें युवती के कपड़े और आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड से उस की पहचान सुधा पुत्री रामेश्वर निवासी गांव तरफरी, थाना गुन्नौर के रूप में हुई। इस पर पुलिस ने उसके परिवार को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही युवती के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने अपनी बेटी सुधा के रूप में उसकी पहचान की। युवती के पिता ने उसके प्रेमी पर हत्या कर शव को वहां फेंकने का आरोप लगाया है। उनकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना की जांच शुरू कर दी है।
छह माह पहले घर से गायब हुई थी, युवती
सुधा के पिता रामेश्वर ने पुलिस को बताया कि तीन वर्ष पहले उसकी शादी बदायूं जनपद के थाना बिल्सी अंतर्गत गांव सिमरा भोजपुर निवासी युवक से हुई थी। वह करीब छह माह पहले ससुराल से मायके आई थी। 19 मई को मौका पाकर प्रेमी के साथ फरार हो गई। इस संबंध में उन्होंने गुन्नौर कोतवाली में रजपुरा थाना इलाके के गांव भीकमपुर जैनी निवासी प्रेमी पर बहला फुसला कर ले जाने की रिपोर्ट पंजीकृत करवाई थी। तब से ही युवती का कोई सुराग नहीं था। गुरुवार की सुबह उसका शव खंदक में पड़ा मिला तो परिवार में कोहराम मच गया।
आलोक जायसवाल, एएसपी ने बताया कि थाना रजपुरा क्षेत्र में मेहुआ गांव के समीप झाड़ियों में महिला का शव मिला है। उसके गले में रस्सी बंधी हुई थी। देखने से प्रतीत होता है कि उसे गला घोंटकर मारा गया है। सिर पर भी चोट के निशान है। परिजनों का शिशुपाल नाम के युवक पर हत्या का आरोप है। युवती शादीशुदा थी और बहुत समय से आरोपी के साथ रह रही थी। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभियुक्त की तलाश जारी है।
