बरेली: विकास भवन रोड पर मलबा और कीचड़ ने बढ़ाई दिक्कत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। श्यामगंज से विकास भवन रोड पर नाले का निर्माण तो तेज हो गया है लेकिन निर्माण कार्य के दौरान निकलने वाला मलबा और मिट्टी का ढेर सड़क पर ही लगने से लोगों को दिक्कत होने के साथ ही हादसे की संभावना बनी हुई है। लोगों का कहना है कि नाला निर्माण के …

बरेली, अमृत विचार। श्यामगंज से विकास भवन रोड पर नाले का निर्माण तो तेज हो गया है लेकिन निर्माण कार्य के दौरान निकलने वाला मलबा और मिट्टी का ढेर सड़क पर ही लगने से लोगों को दिक्कत होने के साथ ही हादसे की संभावना बनी हुई है। लोगों का कहना है कि नाला निर्माण के दौरान निकलने वाले मलबा को भी तत्काल हटा दिया जाए तो यहां राहगीरों को कोई परेशानी उठानी नहीं पड़ेगी।
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत इन दिनों श्यामगंज से विकास भवन होते हुए गांधी उद्यान की ओर बड़े नाले का निर्माण हो रहा है।

इस रोड पर ड्रेनेज की समस्या के चलते बरसात के दिनों में कई फुट तक पानी भर जाता है। इसलिए नगर निगम ने स्मार्ट सिटी के तहत यहां सड़क के काम के साथ बड़े नाले का निर्माण भी स्वीकृत किया था। सेतु निगम के कार्यालय की ओर से इस नाले का निर्माण शुरू हुआ था। शुरूआत में इस काम की रफ्तार काफी कम थी। इससे निर्माण कार्य काफी समय तक घिसटता रहा लेकिन अधिकारियों की कड़ाई के बाद अब इस नाले का निर्माण तो तेज हो गया है लेकिन दिक्कत यह है कि नाले के निर्माण के दौरान निकलने वाले मलबे और मिट्टी तत्काल हटाने की व्यवस्था नहीं है।

ऐसे में बैंक ऑफ बड़ौदा से विकास भवन के सामने और बरेली कॉलेज के बीच तक जगह-जगह पर बड़े पत्थर भी पड़े हैं और मलबे के साथ सड़क पर कीचड़ पर जमा हो गया है। चूंकि इस रोड पर दिन में काफी ट्रैफिक रहता है और रोड चौड़ीकरण का काम भी अब तक नहीं हुआ है। ऐसे में पहले से ही जाम की समस्या झेल रहे राहगीरों के सामने मलबा और कीचड़ की वजह से और ज्यादा परेशानी बढ़ गई है। यहां ज्यादातर समय जाम की समस्या बनी रहती है।

लोगों ने स्मार्ट सिटी परियोजना का काम करा रहे अधिकारियों से मांग की है कि नाले निर्माण के लिए खुदाई से निकलने वाली मिट्टी और मलबा को जनहित में तत्काल हटाए जाने की व्यवस्था होनी चाहिए।

संबंधित समाचार