रामपुर : पिता ने की पुलिस से शिकायत तो युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
रामपुर/ मसवासी, अमृत विचार। मामूली विवाद के बाद पिता ने पुलिस से शिकायत की तो क्षुब्ध बेटे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। खुदकुशी करने से पहले वह पत्नी को लेकर ससुराल गया लेकिन बाद में वापस लौट आया। पत्नी को आधे रास्ते में छोड़कर पहले घर पहुंच गया और फांसी लगा ली। कुछ देर …
रामपुर/ मसवासी, अमृत विचार। मामूली विवाद के बाद पिता ने पुलिस से शिकायत की तो क्षुब्ध बेटे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। खुदकुशी करने से पहले वह पत्नी को लेकर ससुराल गया लेकिन बाद में वापस लौट आया। पत्नी को आधे रास्ते में छोड़कर पहले घर पहुंच गया और फांसी लगा ली। कुछ देर बाद पत्नी घर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद देख शक हुआ। ग्रामीणों की मद्द से दरवाजा तुड़वाया तो अंदर का नजारा देख चीख निकल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आत्महत्या का यह मामला मसवासी चौकी क्षेत्र के ग्राम मंसूरपुर का है। गांव निवासी कल्याण सिंह का गुरुवार को अपने बेटे बंटी मौर्य(25) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। पिता-पुत्र के बीच विवाद इस कदर बढ़ा कि कल्याण सिंह ने मसवासी चौकी जाकर पुलिस से शिकायत कर दी। इसके बाद पुलिस ने उसे चौकी बुलाया और समझा-बुझाकर उसे घर भेज दिया। बताते हैं कि पिता द्वारा पुलिस से शिकायत करने पर बंटी नाराज हो गया।
घर आने पर वह पत्नी मीनाक्षी और एक साल की बेटी को लेकर धनोरी स्थित अपनी ससुराल पहुंच गया। शुक्रवार को वह फिर ससुराल से पत्नी व बेटी के साथ वापस आया। पत्नी मीनाक्षी के अनुसार मसवासी तिराहे पर बंटी ने उसे बाइक से उतार दिया। कुछ जरूरी काम से जाने की बात कहकर पत्नी को रिक्शे से घर भेज दिया। इसके बाद पत्नी के पहुंचने से पहले ही वह बाइक से घर पहुंच गया और कमरे में जाकर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
कुछ देर बाद पत्नी जब घर पहुंची तो बंटी की बाइक खड़ी देखी। दरवाजा खटखटाया तो वह अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो उसे शक हुआ। उसने पड़ोसियों को जानकारी दी मौके पर भीड़ जुट गई। किसी तरह दरवाजा खोलकर जब लोग अंदर पहुंचे ता नजारा देखकर चीख निकल गई। बंटी का शव कमरे के कुंडे से लटका था। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतारकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
