बरेली: रेलवे ट्रैक पर गंदगी देख भड़के एडीआरएम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। मुरादाबाद रेल मंडल एडीआरएम परिचालन मान सिंह मीणा शुक्रवार को बरेली जंक्शन का निरीक्षण करने पहुंचे। प्लेटफार्म नंबर एक के ट्रैक के आसपास गंदगी और मिट्टी जमा देख उनका पारा चढ़ गया। उन्होंने सीएचआई से कार्यदायी कंपनी पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। इससे पहले एडीआरएम लोको पायलट और गार्ड लॉबी में …

बरेली, अमृत विचार। मुरादाबाद रेल मंडल एडीआरएम परिचालन मान सिंह मीणा शुक्रवार को बरेली जंक्शन का निरीक्षण करने पहुंचे। प्लेटफार्म नंबर एक के ट्रैक के आसपास गंदगी और मिट्टी जमा देख उनका पारा चढ़ गया। उन्होंने सीएचआई से कार्यदायी कंपनी पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। इससे पहले एडीआरएम लोको पायलट और गार्ड लॉबी में पहुंचे। यहां उन्होंने लोको पायलट और गार्डों के साथ बातचीत की। ट्रेनों के संचालन को लेकर जानकारी ली।

रेलवे चाइल्ड लाइन की हेल्प डेस्क पर ताला लगा देख एडीआरएम फिर बिफर पड़े। हेल्प डेस्क में बिजली का कनेक्शन नहीं था। फिर भी यहां बिजली सप्लाई देख उन्होंने एनजीओ को वैध बिजली का कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने वीआईपी रूम में कॉमर्शियल, इंजीनियरिंग, ऑपरेटिंग से जुड़े अधिकारियों से बातचीत की। जंक्शन पर मौजूद वेंडर्स से भी उन्होंने बातचीत की और उनके दस्तावेज देखे। वेंडर्स के लाइसेंस को लेकर उन्होंने सीएमआई से सवाल-जवाब भी किए।

इसके बाद एडीआरएम ने प्लेटफार्म नंबर दो का भी निरीक्षण किया। पार्किंग में धूल खा रही कारों को खड़ा देख इन्हें हटाने के लिए जंक्शन पर अनाउंसमेंट कराने को कहा। बताया जा रहा था कि डीआरएम मीणा इज्जतनगर मंडल के अधिकारियों से कई मामलों पर बातचीत करने इज्जतनगर डीआरएम कार्यालय भी जा सकते हैं लेकिन इज्जतनगर मंडल के एडीआरएम परिचालन अजय वाष्र्णेय जंक्शन पहुंचे।

एनईआर की ट्रेनों को यार्ड में रोकने का मुद्दा गर्माया
जंक्शन पर मुरादाबाद मंडल एडीआरएम परिचालन मान सिंह मीणा और इज्जतनगर मंडल एडीआरएम परिचालन अजय वाष्र्णेय ने उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे के बीच ट्रेनों के संचालन को लेकर आने वाली समस्याओं पर विस्तार से बातचीत की। बता दें कि बरेली के अलावा शाहजहांपुर, कटघर, रामपुर, रामगंगा समेत कई स्टेशनों पर एनआर और एनईआर की रेल लाइन साथ-साथ हैं लेकिन शुक्रवार को जंक्शन यार्ड में ट्रेनों को रोकने का मुद्दा गर्माया रहा।

पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि उनकी ट्रेनों को जंक्शन यार्ड में रोक दिया जाता है। उत्तर रेलवे पहले अपनी ट्रेनों को निकालता है। उसके बाद में पूर्वोत्तर रेलवे रेल की ट्रेनों को सिग्नल दिया जाता है जिसकी वजह से अक्सर पूर्वोत्तर रेलवे की ट्रेनें लेट हो जाती है। मामला उत्तर रेलवे के मुख्यालय तक पहुंचने के बाद बीते दिनों मुरादाबाद मंडल डीआरएम अजय नंदन ने आपरेटिंग विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे। शुक्रवार हुई मीटिंग में भी यही मुद्दा गर्म रहा।

संबंधित समाचार