हल्द्वानी: पानी नहीं आने पर खाली बाल्टियां लेकर सड़क पर उतरे लोग, जलसंस्थान के खिलाफ प्रदर्शन
हल्द्वानी, अमृत विचार। राजपुरा में चार दिन से पानी नहीं आने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोग खाली बाल्टियां लेकर सड़क पर उतर आए। लोगों ने जलसंस्थान के खिलाफ कांग्रेस जिला महामंत्री हेमन्त साहू के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। शुक्रवार को राजपुरा में खाली बाल्टियों के साथ लोगों ने जलसंस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। …
हल्द्वानी, अमृत विचार। राजपुरा में चार दिन से पानी नहीं आने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोग खाली बाल्टियां लेकर सड़क पर उतर आए। लोगों ने जलसंस्थान के खिलाफ कांग्रेस जिला महामंत्री हेमन्त साहू के नेतृत्व में प्रदर्शन किया।
शुक्रवार को राजपुरा में खाली बाल्टियों के साथ लोगों ने जलसंस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि मोहल्ले में चार दिन से पानी नहीं आ रहा है। ठंड के मौसम में महिलाओं और बच्चों को पानी के लिये दर-दर भटकना पड़ रहा है। जल संस्थान टैंकरों से पर्याप्त मात्रा में पेयजल व्यवस्था नहीं कर पा रहा है। इससे जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर, पेयजल लाइनें चोक होने से लालडांठ, बिठौरिया क्षेत्र में पेयजल सप्लाई लड़खड़ाई हुई है। जल संस्थान की ओर से इन दिनों लाइनों को खोलने का काम किया जा रहा है।
जल संस्थान के प्रभारी सहायक अभियंता पंकज उपाध्याय ने बताया कि लाइनों को खोलने का काम किया जा रहा है। शुक्रवार को जजफार्म में भी नई मोटर लगाकर नलकूप की मरम्मत की गई। उधर, शुक्रवार को राजपुरा क्षेत्र के छोटे-छोटे बच्चे साइकिल में पानी ढोते नजर आए हैं। महिलाएं भी दिनभर पानी के बर्तन साथ भटकतीं नजर आईं।
